कैमूर में महीनों से बंद नल-जल योजना, खाली बर्तन लेकर सड़क पर उतरे ग्रामीण, बोले- पानी के लिए तरस रहे लोग
पीड़ित ग्रामीण
कुदरा के कदई गांव में नलजल योजना महीनों से बंद है, जिससे महादलित मुहल्ले के लोग पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। अधिकारी जल्द सुधार का आश्वासन दे रहे हैं।
Kaimur News : कैमूर जिले के कुदरा प्रखंड की मेंउड़ा पंचायत के कदई गांव में हर घर नल का जल योजना महीनों से बंद पड़ी है. पेयजल संकट से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा अब सड़क पर दिखने लगा है. ग्रामीणों ने हाथों में खाली बर्तन लेकर विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया और जल्द नल-जल योजना चालू कराने की मांग की.
बार-बार शिकायत के बाद भी नहीं शुरू हुई योजना
ग्रामीणों का कहना है कि नल-जल योजना बंद होने की जानकारी कई बार संबंधित विभागीय अधिकारियों को दी गयी, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ. ग्रामीणों के अनुसार, योजना लगने के बाद कई लोगों ने यह सोचकर चापाकल नहीं लगवाया था कि घर तक नल से शुद्ध पानी पहुंचता रहेगा. लेकिन योजना बंद होने के बाद पेयजल के लिए परेशानी बढ़ गयी है.
महादलित टोले में सबसे ज्यादा परेशानी
महीनों से बंद पड़ी नल-जल योजना कदई गांव के महादलित टोले की है. यहां रहने वाले अधिकांश परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हैं. ग्रामीणों के अनुसार, जलस्तर नीचे चले जाने के कारण निजी चापाकल लगवाना हर परिवार के लिए संभव नहीं है. ऐसे में सरकारी नल-जल योजना ही उनके लिए पेयजल का मुख्य सहारा है.
कहीं पाइप नहीं पहुंचा, तो कहीं गंदा पानी बनी परेशानी
ग्रामीणों ने बताया कि नल-जल योजना लगे कई वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन अब भी अधिकांश घरों तक पाइप नहीं पहुंचा है. कुछ परिवारों ने पाइप बिछाने के लिए कई बार अधिकारियों से गुहार लगायी, लेकिन उनकी समस्या दूर नहीं हुई. वहीं बारिश के मौसम में कई चापाकलों से गंदा पानी निकलने के कारण ग्रामीणों को बीमारी का डर भी सताता है.
चापाकल नहीं होने से दूसरे घरों से लाते हैं पानी
नल-जल योजना बंद होने के कारण टोले के लोगों को दूसरे घरों से पानी लाकर काम चलाना पड़ रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि मोहल्ले में सरकारी चापाकल भी नहीं है. आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण अधिकांश लोग निजी चापाकल नहीं लगवा सकते. अधिकारियों की ओर से योजना जल्द चालू कराने का आश्वासन कई बार मिला, लेकिन अब तक पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी.
जलस्तर नीचे जाने से बंद हुआ नल-जल, नया मोटर लगाने की तैयारी
इस संबंध में पीएचईडी के कनीय अभियंता अवनीश कुमार ने बताया कि कदई गांव में नल-जल योजना बंद होने का मुख्य कारण भू-जल स्तर का नीचे चले जाना है. कुछ दिन पहले नए बोरिंग कराया गया है, लेकिन पहले से लगा मोटर पंप नीचे के लेयर से पानी नहीं खींच पा रहा है. अब अधिक क्षमता वाला मोटर पंप लगाया जाएगा.
उन्होंने बताया कि इसके लिए रांची से नया हाई-पावर मोटर पंप मंगाया गया है. दो दिनों में मोटर आने की उम्मीद है. इसके बाद जल्द ही नल-जल योजना को चालू कर ग्रामीणों के घरों तक पानी की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









