कैमूर: नागपंचमी पर गांवों में दिखी परंपरा की रंगत, नाग देवता को चढ़ा दूध-लावा, मैदान में खूब खेले कबड्डी और चिक्का

Updated:
विज्ञापन

झूला झूलते बच्चे | Prabhat Khabar Network

नागपंचमी के अवसर पर चैनपुर के गांवों में पारंपरिक खेलों का आयोजन हुआ। लोगों ने पूजा-अर्चना के साथ कबड्डी और झूलों का आनंद लिया। पूरी खबर यहाँ पढ़ें।

विज्ञापन

Kaimur News : नागपंचमी के अवसर पर सोमवार को प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों में परंपरा और उत्सव का रंग देखने को मिला. लोगों ने विधि-विधान से नाग देवता की पूजा की और उन्हें दूध व लावा चढ़ाया. इसके बाद घरों में बने पारंपरिक पकवानों का आनंद लिया गया. पर्व को लेकर गांवों में पूरे दिन उत्साह का माहौल बना रहा.

नाग देवता की पूजा के बाद शुरू हुए पारंपरिक खेल

नागपंचमी पर पूजा-अर्चना के बाद गांवों के खेत, खलिहान और मैदान पारंपरिक खेलों के केंद्र बन गये. युवाओं के साथ बुजुर्ग और अन्य ग्रामीण भी खेल में शामिल हुए. कबड्डी, लंबी कूद, ऊंची कूद और चिक्का जैसे खेलों में खिलाड़ियों ने खूब दमखम दिखाया. खेल के दौरान जोश के साथ आक्रामकता और संयम का भी प्रदर्शन देखने को मिला.

मोबाइल गेम और क्रिकेट के दौर में पर्व पर ही दिखते हैं पारंपरिक खेल

सिरसी गांव के सेवानिवृत्त शिक्षक लालता प्रसाद सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं का रुझान क्रिकेट और मोबाइल गेम की ओर अधिक हो गया है. पारंपरिक खेल अब पर्व-त्योहारों के अवसर पर ही देखने को मिलते हैं. नागपंचमी के दिन गांवों में इन खेलों का आयोजन होने से पुरानी परंपराओं को जीवंत रखने का मौका मिलता है.

शिव मंदिरों में भी श्रद्धालुओं ने की पूजा-अर्चना

नागपंचमी के अवसर पर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न शिव मंदिरों में भी श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की. लोगों ने नाग देवता और भगवान शिव की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की. मंदिरों में दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही.

सावन के गीतों के बीच पेड़ों पर पड़े झूले

नागपंचमी को लेकर गांवों में झूला लगाने की परंपरा भी देखने को मिली. नीम, पीपल सहित अन्य पेड़ों पर झूले लगाये गये थे. महिलाएं, युवतियां और किशोरियां सावन के मधुर गीत गाते हुए झूला झूलती नजर आयीं. बच्चों ने भी झूले का जमकर आनंद उठाया. कई स्थानों पर देर रात तक झूला झूलने और सावन गीतों का सिलसिला चलता रहा.


विज्ञापन
Ravishankar Singh

लेखक के बारे में

By Ravishankar Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन