कैमूर में मंदिर से घंटी-दिया चुराकर बेचने वाला चोर धराया, पुलिस ने सामान और नकदी के साथ किया गिरफ्तार

गिरफ्तार चोर
मोहनियां के मंदिर से पीतल के बर्तन और घंटी चोरी करने वाले युवक को भभुआ पुलिस ने जयप्रकाश चौक से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
Kaimur News : कैमूर जिले में मंदिर से पीतल के पूजा सामग्री और नकदी चोरी करने वाले एक युवक को भभुआ थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी चोरी का सामान बेचने के लिए भभुआ पहुंचा था, लेकिन सूचना मिलते ही पुलिस ने उसे जयप्रकाश चौक से पकड़ लिया.
भागने की कोशिश, पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ा
परिक्षयमान एएसआई संजय कुमार ने बताया कि बुधवार सुबह सूचना मिली थी कि एक युवक मंदिर का चोरी किया गया सामान बेचने के उद्देश्य से जयप्रकाश चौक पर खड़ा है. पुलिस मौके पर पहुंची तो लाल रंग का झोला लिए संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा. पुलिस बल ने पीछा कर उसे पकड़ लिया.
झोले से बरामद हुआ चोरी का सामान
तलाशी के दौरान युवक के झोले से तीन पीतल की घंटियां, दो बड़े पीतल के दीये, दो पीतल के लोटे, एक थाली, धूपदानी, प्लेट तथा 640 रुपये नकद बरामद किए गए. इसके बाद उसे भभुआ थाना लाकर पूछताछ की गई.
पूछताछ में कबूला मंदिर में चोरी का जुर्म
गिरफ्तार युवक की पहचान मोहनियां थाना क्षेत्र के डड़वा गांव निवासी जितेंद्र राम के 19 वर्षीय पुत्र गौतम कुमार के रूप में हुई है. पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि बरामद सभी पीतल के सामान मोहनियां स्थित एक मंदिर से चोरी किए थे और उन्हें बेचने के लिए भभुआ आया था.
मामला दर्ज, आरोपी भेजा जाएगा जेल
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी किसी अन्य चोरी की घटना में भी शामिल रहा है या नहीं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










