प्रखंड मुख्यालय परिसर स्थित कार्यालयों में 11वीं बार चोरी, पुलिस के हाथ खाली

प्रखंड मुख्यालय परिसर में अवस्थित इ-किसान भवन में बने बीएओ आवास के रसोई घर को 25 जनवरी की रात चोरों ने निशाना बनाते हुए गैस भरा सिलिंडर, 10 लीटर रिफाइंड तेल सहित अन्य सामान चुरा लिये
फोटो 3 मिनी पानी टंकी के खोले गये नल 4 ई-किसान भवन मुख्यालय परिसर में चोरों का आतंक, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल पुलिस अब तक अधिकांश मामलों के उद्भेदन में रही असफल # कार्यालय से लैपटॉप, पंखा, रेकड़, सबमर्सिबल, नल से लेकर बहुत कुछ चुरा चुके है चोर # फालोअप # मोहनिया सदर. प्रखंड मुख्यालय परिसर में अवस्थित इ-किसान भवन में बने बीएओ आवास के रसोई घर को 25 जनवरी की रात चोरों ने निशाना बनाते हुए गैस भरा सिलिंडर, 10 लीटर रिफाइंड तेल सहित अन्य सामान चुरा लिये. मुख्यालय परिसर में अवस्थित सरकारी कार्यालयों में चोरी की यह 11वीं घटना बतायी जा रही है. स्थिति यह है कि मुख्यालय परिसर में लगे मिनी पानी टंकी के नल जैसे सामान पर भी चोर हाथ साफ करने से बाज नहीं आ रहे हैं. लंबे समय बाद खराब सबमर्सिबल को प्रखंड प्रशासन द्वारा बनवाया गया. जब टंकी में पानी पहुंचना शुरू हुआ तो कई नलों की चोरी हो गयी. इससे मुख्यालय परिसर आने वाले लोग प्यास बुझाने के लिए भी संघर्ष करते नजर आ रहे हैं. मुख्यालय परिसर में संचालित विभिन्न विभागों के कार्यालयों में चोरों का आतंक इस कदर हावी है कि सभी को हर वक्त चोरी का डर सताता रहता है. परिसर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. इन घटनाओं से केवल सरकार के हुक्मरान ही नहीं, बल्कि नगरवासी भी परेशान हैं. हद तो तब हो जाती है जब जिनके कंधों पर सुरक्षा की जिम्मेदारी है, वही कानून के रखवाले लोगों को भगवान भरोसे छोड़ देते हैं. सरकारी कार्यालयों में हुठ्र चोरी की घटनाओं में एक को छोड़ अब तक अन्य किसी भी मामले का पुलिस उद्भेदन नहीं कर सकी है. बीआरसी भवन में हुई चोरी की कई घटनाओं में से एक मामले में पुलिस द्वारा कुछ नाबालिग लड़कों को हिरासत में लिया गया था, लेकिन उस समय भी पुलिस चोरों के सरगना तक नहीं पहुंच सकी थी. लोगों का कहना है कि कानून के रखवालों का कद चोरों के सामने मानो बौना हो गया है. जनवरी 2019 से 25 जनवरी 2026 तक मुख्यालय परिसर में अवस्थित सरकारी कार्यालयों में घटित चोरी की घटनाओं पर एक नजर… # केस नंबर-01# पहली जनवरी 2019 की रात प्रखंड कार्यालय की छत से इंटरनेट एंटिना की छतरी व टावर पर लगे रेडियो फ्रिक्वेंसी की जाली को खोलकर चोर चुरा ले गये, चोर इतने शातिर थे कि उक्त उपकरणों की बगल में लगाये गये सीसीटीवी कैमरा जिसका मुंह पश्चिम दिशा की तरफ था, उसको पीछे से जाकर पूरब दिशा की तरफ घुमा दिया गया था ताकि उनकी चोरी की करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद नहीं हो सकें. इंटरनेट एंटिना की छतरी व रेडियो फ्रिक्वेंसी के जाली की चोरी होने से प्रखंड मुख्यालय के लगभग सभी कार्यालयों, अवर निबंधन कार्यालय के साथ अनुमंडलीय अस्पताल में भी कई दिनों तक वीडियो काॅफ्रेंसिंग के साथ इंटरनेट सेवाएं बाधित रहीं. इस मामले में बीडीओ अजय कुमार सिंह द्वारा अज्ञात के विरुद्ध एफआइआर दर्ज करायी गयी, लेकिन आज तक पुलिस के हाथ खाली है # केस नंबर 02# 28 अप्रैल 2019 की रात प्रखंड मुख्यालय परिसर में अवस्थित सीडीपीओ कार्यालय की बगल में बने दो टायलेट का दरवाजा तक को चोरों ने नहीं छोड़ा और उसको भी निकाल कर ले भागे. उक्त कार्यालय आने वाली महिला कर्मियों की सुविधा के लिए उस समय बीडीओ रहे अजय कुमार सिंह ने दो टायलेट का निर्माण करवाया था. उस समय भी सीडीपीओ नीरु बाला ने इस मामले से पुलिस को अवगत कराया था. # केस नंबर-03 # 30 दिसंबर 2022 की रात प्रखंड मुख्यालय में लगभग पांच लाख की लागत से बनी मिनी पानी टंकी में लगाये गये सभी नौ नलों की चोरी कर ली गयी. उक्त पानी टंकी का उद्घाटन करने से चंद समय पूर्व प्रशासन को इसकी जानकारी 31 दिसंबर को उस समय हुई जब प्रमुख पुनीता देवी व बीपीआरओ लोकजीत कुमार उद्घाटन की अंतिम तैयारी में थे, फिर आनन- फानन में टंकी का सभी नल लगवाया गया, फिर उद्घाटन किया गया. हालांकि इसके बाद भी उक्त पानी टंकी के नलों की बीच- बीच में चार बार चोरी हो चुकी है. # केस नंबर 04 # 29 जून 2023 की रात चोरों द्वारा प्रखंड कार्यालय के पीछे संचालित बाल विकास परियोजना कार्यालय के कमरे में रखे लैपटॉप पर खिड़की से हाथ साफ कर लिया गया. इसकी जानकारी अगले दिन कार्यालय खुलने पर कर्मियों को हुई. इस मामले में तत्कालीन सीडीपीओ संगीता कुमारी ने अज्ञात के खिलाफ थाने में एफआइआर दर्ज करायी, लेकिन अभी भी उन चोरों तक पुलिस नही पहुंच सकीं # केस नंबर 05 # 24 जुलाई, 2023 की रात प्रखंड मुख्यालय में अवस्थित बीआरसी भवन का ताला तोड़कर चोरों ने प्रशिक्षण कक्ष से तीन पंखों को खोलकर चोरी कर फरार हो गये. इसकी जानकारी अगले दिन कार्यालय आने के बाद कर्मियों को हुई. बीइओ धीरेंद्र प्रसाद द्वारा इस मामले में अज्ञात के विरुद्ध थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी. # केस नंबर 06 # 28 जुलाई 2023 की रात चोरी की पहली घटना के चौथी रात को भी बीआरसी भवन में खिड़की के रास्ते घुस कर चोर कुछ और सामान हाथ नहीं लगा तो सरकारी कागजात ही अपने साथ लेकर चलते बने. इस मामले की जानकारी भी अगले दिन कार्यालय खुलने पर कर्मियों व अधिकारी को हुई. # केस नंबर 07 # 31 जुलाई 2023 की रात बेखौफ चोरों ने पुलिस व प्रशासन को खुली चुनौती देते हुए फिर शिक्षा विभाग के बीआरसी भवन को अपना निशाना बनाया. बीआरसी भवन में पंचायत चुनाव 2021 में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण प्रारंभ होना था, इसको लेकर उनके नाश्ता व भोजन की व्यवस्था प्रशासन द्वारा की गयी थी. लेकिन प्रशिक्षण प्रारंभ होने से पूर्व ही चोरों ने तीन बोरा चावल, रिफाइंड व सरसों का एक-एक टीन तेल, दो गैस सिलिंडर, डिस्पोजल थाली, गिलास के साथ दो बक्सों का ताला तोड़कर उसमें रखे गये शिक्षक नियोजन आवेदन पत्र, पंजी सहित कई सामान चुरा ले गये. बीइओ धीरेंद्र प्रसाद द्वारा थाने में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी.सात दिन के अंदर बीआरसी भवन में तीन बार हुई चोरी के मामले में पुलिस की खूब किरकिरी होने के बाद थानाध्यक्ष ललन कुमार ने दो नाबालिग लड़कों को हिरासत में लिया और पूछताछ की, लेकिन सरगना का पता नहीं लगा सके. # केस नंबर 08 # 29 अक्तूबर 2024 की रात प्रखंड मुख्यालय परिसर की बाउंड्रीवाॅल से लगे अनुमंडलीय पशु चिकित्सालय के प्रांगण में लगे सबमर्सिबल व पाइप पर चोर हाथ साफ कर आसानी से फरार हो गये. जबकि, उक्त पशु अस्पताल उत्तरी सर्विस सड़क के किनारे अवस्थित है. इस मामले में भी भ्रमणशील पशु चिकित्सा पदाधिकारी गुड्डू कुमार ने अज्ञात लोगों के खिलाफ स्थानीय थाने में एफआईआर दर्ज करायी, लेकिन चोरी की अन्य घटनाओं की तरह यह भी फाइलों में दब कर रह गयी और आज तक पुलिस इसका उद्भेदन नहीं कर सकी. # केस नंबर 09 # नवंबर 2024 में सीडीपीओ कार्यालय के समीप अवस्थित एक पुराने भवन में रखे गये लोहे की जाली, कंटीले तार सहित लोहा से बने बहुत सामान लंबे समय से रखा हुआ था, लेकिन भवन की खिड़कियों को उखाड़ कर चोर खिड़की सहित उसमें रखा लोहे का सभी सामान चुरा ले गये. इसकी जानकारी होने के बाद सूचना पर पहुंची पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी सिर्फ हाथ मल कर रह गये, लेकिन चोरों तक पुलिस नहीं पहुंच सकी. # केस नंबर 10 # मुख्यालय परिसर में बीआरजीएफ भवन के सामने बने मिनी पानी टंकी के लंबे समय से खराब पड़े सबमर्सिबल को जब प्रखंड प्रशासन द्वारा सितंबर 2025 में बनवाया गया, जिससे सूखी पड़ी मिनी पानी टंकी में पानी पहुंचने लगा, तभी चोरों ने टंकी में लगाये गये 09 नल में से छह को खोल कर चुरा ले गये. चोरी गये नलों को प्लास्टिक डाट लगाकर बंद किया गया है, ताकि पानी व्यर्थ न बहे. हालांकि नल चोरी की यह कोई पहली वारदात नहीं है, बल्कि पूर्व में भी चार बार नल चोरी की घटनाओं को चोरों द्वारा अंजाम दिया जा चुका है. प्रशासन नल लगवाता है और चोर खोल ले जाते हैं. # केस नंबर 11 # 25 जनवरी 2026 की रात चोरों ने मुख्यालय परिसर में बने इ-किसान भवन में अवस्थित प्रखंड कृषि पदाधिकारी भृगुनाथ सिंह के आवास के रसोई घर में रखा गैस भरा सिलिंडर, दस लीटर रिफाइंड तेल सहित अन्य सामान की चोरी कर ली गयी. घटना की जानकारी कार्यालय खुलने पर 26 जनवरी की सुबह लोगों को हुई. इस मामले में बीएओ द्वारा थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है, लेकिन अभी तक पुलिस के हाथ खाली हैं.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




