कैमूर में अंधविश्वास पड़ा भारी, सांप के डसने के बाद झाड़-फूंक में बीता कीमती समय, अस्पताल पहुंचते ही 19 साल की अंशु की मौत
1 रोति बिलगती मृतका की मां व परिजन 2 मृतक युवती का फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network
रामपुर के हुड़ड़ा खुर्द गांव में सर्पदंश से 19 वर्षीय युवती की मौत। परिजनों ने अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक में गंवाया कीमती समय, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया।
Kaimur News : कैमूर जिला के बेलांव थाना क्षेत्र के हुड़ड़ा खुर्द गांव में सोमवार की देर शाम सर्पदंश से 19 वर्षीय युवती की मौत हो गयी. घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतका की पहचान गांव निवासी संजय पासवान की 19 वर्षीय पुत्री अंशु कुमारी के रूप में हुई है.
अंधेरे में ताखा पर हाथ रखते ही सांप ने डसा
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार की देर शाम अंशु घर में पूजा करने के लिए माचिस लेने गयी थी. इसी दौरान बिजली कट गयी. अंधेरे में जैसे ही उसने दीवार में बने ताखा पर हाथ रखने की कोशिश की, वहां छिपे सांप ने उसे डस लिया. सांप के डसते ही अंशु दर्द से चीखते हुए घर से बाहर निकली और परिजनों को घटना की जानकारी दी.
परिजनों ने लाइट जलाकर देखा तो सांप पास के एक बिल में घुस रहा था. इसके बाद परिजन युवती को बचाने की कोशिश में जुट गये.
झाड़-फूंक में गंवाया समय, हालत बिगड़ने पर अस्पताल ले गये
सर्पदंश के बाद परिजन अंशु को तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक कराने में लग गये. इस दौरान युवती की हालत लगातार बिगड़ती गयी. स्थिति गंभीर होने पर परिजन उसे आनन-फानन में भभुआ सदर अस्पताल लेकर पहुंचे. लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने अंशु को मृत घोषित कर दिया.
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया और शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया.
बेटी की मौत से मां बेसुध, घर में मचा कोहराम
अंशु की मौत की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गयी. मृतका की मां ज्ञानती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है. बेटी की मौत के सदमे में वह बार-बार बेहोश हो जा रही हैं. गांव की महिलाएं पानी के छींटे मारकर उन्हें होश में ला रही हैं.
दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटी थी अंशु
अंशु अपने माता-पिता की सबसे छोटी संतान थी. वह दो भाइयों और एक बहन में तीसरे नंबर पर थी. उसके बड़े भाई रोहित कुमार 25 वर्ष और मझले भाई मनीष कुमार 22 वर्ष के हैं. घर की लाडली बेटी की अचानक हुई मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









