कैमूर में सावन की पूजा के बीच तालाब में नहाने गया किशोर डूबा, पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव

Updated:
विज्ञापन

नहाने के दौरान ग्रामीणों के द्वारा खींचा गया फोटो | Prabhat Khabar Network

बिहार के चैनपुर थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव में तालाब में नहाने के दौरान 17 वर्षीय सुजीत कुमार की डूबने से मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में मातम पसर गया है।

विज्ञापन

Kaimur News : कैमूर जिला के चैनपुर थाना क्षेत्र के उदयरामपुर पंचायत के शेरपुर गांव में सावन की सोमवारी के दिन तालाब में नहाने के दौरान 17 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गयी. मृतक की पहचान शेरपुर गांव निवासी सरजू बिंद के पुत्र सुजीत कुमार के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में मातम पसर गया.

पूजा के दौरान तालाब में नहाने लगे युवक और बच्चे

बताया जाता है कि सोमवार को गांव में मां काली की पूजा चल रही थी. इसी दौरान ग्रामीण गांव का भ्रमण कर रहे थे. भ्रमण के दौरान कुछ युवक और बच्चे गांव स्थित तालाब में नहाने चले गये. तालाब में पानी अधिक गहरा होने के कारण नहाते समय सुजीत डूब गया.

देर शाम तक घर नहीं पहुंचा तो शुरू हुई खोजबीन

बताया गया कि नहाने के बाद अन्य युवक और बच्चे तालाब से निकलकर अपने-अपने घर चले गये, लेकिन सुजीत घर नहीं पहुंचा. देर शाम तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की. काली मंदिर सहित गांव और आसपास के इलाकों में तलाश की गयी, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला.

ग्रामीण की सूचना पर तालाब में शुरू हुई तलाश

इसी दौरान एक ग्रामीण ने बताया कि उसने सुजीत को तालाब में नहाते हुए देखा था. इसके बाद ग्रामीणों ने तालाब में उतरकर उसकी तलाश शुरू की. काफी मशक्कत के बाद सुजीत का शव तालाब के गहरे पानी से बरामद किया गया.

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. घटना के बाद मृतक के परिवार में चीख-पुकार मची हुई है.


विज्ञापन
Ravishankar Singh

लेखक के बारे में

By Ravishankar Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन