कैमूर में चोरी के पेट्रोल और बाइक के साथ 5 गिरफ्तार, तीन मोटरसाइकिल के साथ 25 लीटर पेट्रोल भी बरामद
पुलिस कब्जे में पकड़े गए पेशेवर अपराधी , तथा बरामद तीन बाईक | Prabhat Khabar Network
दुर्गावती पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए चोरी की तीन मोटरसाइकिल और पेट्रोल के साथ पांच पेशेवर अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
Kaimur News : स्थानीय पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चोरी के पेट्रोल और मोटरसाइकिल के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके पास से तीन मोटरसाइकिल, करीब 25 लीटर पेट्रोल और एक बड़ा इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया है. गिरफ्तार आरोपियों को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भभुआ भेज दिया गया. पुलिस के अनुसार, पकड़े गये आरोपियों से पूछताछ में चोरी की दो घटनाओं का भी खुलासा हुआ है.
मुर्गी फार्म के पास पांचों को पुलिस ने दबोचा
डीएसपी मोहनिया दयानंद कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि दुर्गावती थाना क्षेत्र के कृपालपुर स्थित मुर्गी फार्म के पास कुछ अपराधी चोरी के पेट्रोल और मोटरसाइकिल के साथ मौजूद हैं. सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए एसपी के निर्देश पर थानाध्यक्ष दुर्गावती गिरीश कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गयी.
पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुर्गी फार्म के पास छापेमारी की और पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. मौके से चोरी की तीन मोटरसाइकिल, करीब 25 लीटर पेट्रोल और इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया गया.
तीनों बाइक के कागजात नहीं दिखा सके आरोपी
पुलिस के अनुसार बरामद मोटरसाइकिलों में एक बिना नंबर प्लेट की डिस्कवर बाइक शामिल है, जिसका चेसिस नंबर MD2A15AY3K48M2 बताया गया है. दूसरी एक्सट्रीम बाइक का चेसिस नंबर MBUAU059SGH1089 है, जो अली शेर कुरैशी के पास से बरामद हुई. वहीं, प्लेटिना मोटरसाइकिल, जिसका नंबर UP70BU9156 और चेसिस नंबर MD2DDDZZZPWG82395 बताया गया है, अरमान कुरैशी के पास से बरामद की गयी.
पुलिस के अनुसार तीनों मोटरसाइकिलों की टंकी में पेट्रोल भरा हुआ था. पूछताछ के दौरान आरोपी बरामद मोटरसाइकिलों से संबंधित कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके.
16 अगस्त की दो चोरी की घटनाओं का खुलासा
डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान 16 अगस्त की देर शाम करीब 7:30 बजे दुर्गावती थाना क्षेत्र के कृपालपुर स्थित मुर्गी फार्म में हुई चोरी और उसी रात करीब 1:30 बजे रामगढ़ थाना क्षेत्र के रहाड़ी गांव स्थित किराना दुकान में हुई चोरी की घटना का भी उद्भेदन हुआ है. पुलिस इन मामलों में आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है.
गिरफ्तार आरोपियों में तीन डुमरी के निवासी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अली शेर कुरैशी पिता हन्नान कुरैशी, आरिफ कुरैशी पिता इमामुद्दीन कुरैशी और अरमान कुरैशी पिता असलम कुरैशी के रूप में हुई है. तीनों डुमरी क्षेत्र के निवासी बताये गये हैं. इनके अलावा कृपालपुर गांव निवासी अरुण यादव पिता विजय बहादुर यादव और रामगढ़ थाना क्षेत्र के महुअर निवासी अंकित कुमार पिता मनीष राम को भी गिरफ्तार किया गया है.
चोरी की अन्य घटनाओं को लेकर पूछताछ जारी
पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन मोटरसाइकिल, करीब 25 लीटर पेट्रोल और एक बड़ा इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया है. इस मामले में दुर्गावती थाना कांड संख्या 340/26, 348/22 और 341/26 सहित रामगढ़ थाना के कांडों में भी कार्रवाई दर्ज की गयी है.
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पेशेवर किस्म के अपराधी हैं. फिलहाल सभी से पूछताछ की जा रही है और पुलिस चोरी की अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता का पता लगाने में जुटी है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









