नीट अभ्यर्थियों और अभिभावकों से कैमूर पुलिस की अपील,बोले- अफवाहों से बचें; कानून तोड़ने पर पर होगी कार्रवाई

कैमूर एसपी शिखर चौधरी
कैमूर पुलिस ने नीट और प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अफवाहों के प्रति छात्रों, अभिभावकों और आम जनता को सचेत किया है. किसी भी तरह की अराजकता या कानून तोड़ने की कोशिश पर पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी.
Kaimur Police Warning Against Rumours : कैमूर में नीट और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर बढ़ती चर्चाओं और सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों के बीच पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में नजर आ रहा है. कैमूर पुलिस ने साफ तौर पर छात्रों, अभिभावकों और आम लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह के असंतोष या समस्या को लेकर वे शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखें, न कि कानून हाथ में लें.
पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि इन दिनों सोशल मीडिया पर कई तरह की अपुष्ट और भ्रामक खबरें फैल रही हैं, जिनसे माहौल बिगड़ सकता है. ऐसे में लोगों से खास तौर पर अपील की गई है कि वे बिना पुष्टि के किसी भी जानकारी पर भरोसा न करें और न ही उसे आगे साझा करें.
Neet Paper Leak : अफवाह फैलाने वालों से सतर्क रहने की अपील
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की अफवाह या गलत जानकारी समाज में तनाव पैदा कर सकती है. इसलिए छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें. यदि किसी परीक्षा से जुड़ी कोई समस्या है, तो उसका समाधान संबंधित प्राधिकार के समक्ष आवेदन देकर ही किया जाए.
पुलिस ने यह भी कहा है कि किसी के बहकावे में आकर विरोध के नाम पर उपद्रव करना या कानून तोड़ना पूरी तरह गलत है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी. असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर कानूनी कदम उठाए जाएंगे.
Bihar Band : तोड़फोड़ और सड़क जाम से दूर रहने की चेतावनी
प्रेस विज्ञप्ति में साफ तौर पर कहा गया है कि छात्र-छात्राएं किसी भी हालत में तोड़फोड़, आगजनी, सड़क जाम या सरकारी और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसी गतिविधियों से दूर रहें. इस तरह की हरकतें न सिर्फ कानून के खिलाफ हैं, बल्कि इससे छात्रों का भविष्य भी प्रभावित हो सकता है.
अभिभावकों से भी अनुरोध किया गया है कि वे अपने बच्चों पर नजर रखें और उन्हें किसी भी अवैधानिक गतिविधि में शामिल न होने दें. प्रशासन का मानना है कि थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी समस्या बन सकती है.
शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने पर जोर
कैमूर पुलिस ने कहा है कि विद्यार्थियों का भविष्य सबसे अहम है और इसके लिए शांतिपूर्ण वातावरण जरूरी है. सभी नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा गया है कि समाज में शांति और संयम बनाए रखना हर किसी की जिम्मेदारी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










