भ्रष्टाचार : छह डिग्री की शीतलहर में मनरेगा में 45 डिग्री जैसी गर्मी, फोटो से खुला खेल

भीषण ठंड में बनियान पहनकर काम करते दिखे श्रमिक, जमीन में दिखीं गर्मी वाली दरारें
भीषण ठंड में बनियान पहनकर काम करते दिखे श्रमिक, जमीन में दिखीं गर्मी वाली दरारें आठ जनवरी को भीषण शीतलहर से कांप रहा था बिहार, अधौरा में पसीने में दिखे मजदूर फोटो से फोटो कैप्चरिंग कर 26 मजदूरों को किया गया है 85250 रुपये का भुगतान बर्फीली शीतलहर में अधौरा की सड़की पंचायत में कागजों पर बहाया गया पसीना # प्रभात एक्सक्लूसिव # मोहनिया सदर. आठ जनवरी को जब पूरा बिहार हाड़कंपा देने वाली बर्फीली शीतलहर की चपेट में कांप रहा था, कैमूर में पारा छह डिग्री सेल्सियस रहा. उस दिन भी पर्वतीय क्षेत्र अधौरा प्रखंड की सड़की पंचायत के चुमुरका में इतनी भीषण गर्मी पड़ रही थी कि मनरेगा मजदूर बनियान पहनकर कार्य करते देखे जा सकते हैं. इतना ही नहीं अधौरा में इतनी प्रचंड गर्मी पड़ रही थी कि मानो तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रहा हो, जिससे कि धरती भी दरारें फट गयी थी. ऐसा पढ़कर चौकिए मत साहब. ऐसा हम नहीं कह रहे है, बल्कि मनरेगा की साइट पर अपलोड मजदूरों का पहनावा व कार्य स्थल पर धरती में पड़ी दरारों की तस्वीर खुद बयां कर रही हैं. मालूम हो अधौरा प्रखंड की सड़की पंचायत अंतर्गत चुमुरका गांव में आठ जनवरी को विनोद सिंह के खेत की बगल में बांध निर्माण का कार्य मनरेगा द्वारा कराया गया, जिसका वर्क कोड 0549001010 डब्ल्यू सी 20693956 है. इस योजना में तीन मास्टर रोल जारी किये गये हैं, जिसमें पहली जनवरी से 16 जनवरी के बीच 26 मजदूरों ने कागजों पर ही सही, लेकिन खूब पसीना बहाया और 341 मनडेज कार्य कर 85250 रुपये की मजदूरी भी प्राप्त किया. लेकिन, धरातल पर हकीकत यह है कि गर्मी में किये गये कार्य के फोटो से फोटो कैप्चरिंग कर साइट पर अपलोड कर गलत तरीके से 26 मजदूरों को 85250 रुपये का भुगतान करा दिया गया है. यदि ऐसा कहा जाये तो शायद कोई गलती नहीं होगी. उक्त तिथि को सड़की पंचायत के चुमुरका में कार्य करने वाले एक भी मजदूर के शरीर पर गर्म कपड़े नजर नहीं आ रहे हैं, जबकि, सबसे अधिक हैरानी की बात तो यह है की जनवरी में शीतलहर के बीच भी धरती में दरारें पड़ी देखी जा रही है. # कहां गये मनरेगा आयुक्त के पारदर्शी आदेश? 12 जुलाई 2025 को मनरेगा आयुक्त रही अभिलाषा कुमारी शर्मा ने पत्र जारी कर अपने पत्र में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया था कि लाइव फोटो की जगह फोटो से फोटो कैप्चरिंग, मास्टर रोल में महिलाओं का नाम शामिल किया जाना, लेकिन साइट पर अपलोड किये गये तस्वीर में सिर्फ पुरुष मजदूरों का दिखना, मास्टर रोल में 10 मजदूरों का नाम, लेकिन फोटो में उनकी संख्या काम होना, इन अनियमितताओं को लेकर जिला और प्रखंड स्तर पर मनरेगा योजना के क्रियान्वयन की सख्ती से निगरानी की जायेगी, लेकिन छह डिग्री में बिना गर्म कपड़ों के मजदूर और धरती में पड़ी दरारें निगरानी पर प्रश्न चिह्न लगा रहे है, जहां आज भी वित्तीय अनियमितता की भी प्रबल संभावना नजर आ रही है. जबकि, इसके आलोक में उन्होंने प्रतिदिन अपलोड किये गये फोटो की जांच प्रखंड से जिला स्तर और राज्य स्तर पर सख्ती से लागू करने का आदेश जारी किया था, स्पष्ट है कि इस आदेश का आज भी अनुपालन नहीं हो रहा है. जहां मनरेगा आयुक्त ने यह आदेश उस समय जारी किया, जब आपके अपने समाचार पत्र प्रभात खबर ने पहली जुलाई 2025 को तपती धूप में गर्म कपड़े पहन मजदूरों ने किया मनरेगा में काम नामक शीर्षक से खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था. यह खबर बिहार के संपूर्ण एडिशन में प्रथम पृष्ठ पर प्रकाशित हुई थी, जिससे राजधानी से लेकर जिले में हड़कंप मच गया था, जहां वह मामला भी अधौरा पंचायत के कुछ मौजा का था. # तीनों मास्टर रोल पर एक नजर इस योजना में जारी किये गये मास्टर रोल संख्या 2678 में मजदूर के रूप में राकेश कुमार, अशोक सिंह, हरगेंद सिंह, प्रभावती देवी, फूलवसियां देवी, बालेश्वर यादव, सरिता, नीता देवी, चभन सिंह व ललिता यादव का नाम शामिल है. इस मास्टर रोल में 10 लोगों की उपस्थिति दर्ज किया गया है, जिसका मनडेज 150 है. इसमें कुल 37500 का भुगतान किया गया है. वहीं, मास्टर रोल संख्या 2679 में मजदूर के रूप में मीनू कुमारी, हरसू सिंह, सुनीता देवी, अंजनी कुमारी, कंचन कुमारी, उपेंद्र सिंह, प्रदीप कुमार, नीतीश कुमार, पूनम कुमारी व सुनीता देवी का नाम शामिल है. इन 10 मजदूरों को 149 मनडेज कार्य के लिए 37250 का भुगतान किया गया है. वहीं, इसी योजना में मास्टर रोल संख्या 2680 में मजदूर गुड्डू चेरो, शर्मा सिंह, महुलिया देवी, हिमाचल सिंह, मालती देवी, व भोला चेरो छह मजदूरों को 42 मनडेज कार्य दिखाकर 10500 का भुगतान किया गया है. कहती हैं उपविकास आयुक्त इस संबंध में पूछे जाने पर उप विकास आयुक्त दिव्या शक्ति ने कहा कि यदि मनरेगा में अब भी ऐसा हो रहा है, तो यह सरासर गलत है. मैं इस पूरे मामले की स्वयं जांच करूंगी.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




