कैमूर: कुदरा में जनता दरबार में सात मामलों का ऑन द स्पॉट निपटारा, 33 लाभुकों को मिला भूमि बंदोबस्ती पर्चा

जनता दरवार में सुनवाई करते थानाध्यक्ष व सीओ | Prabhat Khabar Network
कैमूर जिले के कुदरा में आयोजित जनता दरबार में 7 राजस्व संबंधी समस्याओं का मौके पर ही निष्पादन किया गया. साथ ही, 33 जरूरतमंदों को भूमि बंदोबस्ती पर्चे वितरित किए गए, जिससे सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया गया.
Kaimur News : कैमूर जिला के कुदरा स्थानीय प्रखंड कार्यालय परिसर में शनिवार को अंचलाधिकारी और कुदरा थानाध्यक्ष की संयुक्त अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया. जनता दरबार में बड़ी संख्या में लोग अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर पहुंचे, जहां भूमि विवाद, जमाबंदी, दाखिल-खारिज सहित अन्य राजस्व मामलों की सुनवाई की गई.
सात मामलों का मौके पर हुआ निष्पादन
जनता दरबार में कुल सात आवेदन प्राप्त हुए. अधिकारियों ने दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद सभी मामलों का नियमानुसार मौके पर ही निष्पादन किया. अधिकारियों ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और न्यायसंगत समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि उन्हें छोटे-छोटे मामलों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े.
33 लाभुकों को मिला भूमि बंदोबस्ती पर्चा
कार्यक्रम के दौरान राजस्व विभाग के निर्देशानुसार भूमि बंदोबस्ती पर्चा वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया. इसमें अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग तथा अन्य पात्र परिवारों सहित कुल 33 लाभुकों को भूमि बंदोबस्ती के पर्चे वितरित किए गए.
सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर
अधिकारियों ने लाभुकों से भूमि बंदोबस्ती पर्चे का सदुपयोग करने और भूमि संबंधी किसी भी समस्या के समाधान के लिए प्रशासन से संपर्क करने की अपील की. उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










