कैमूर में 42 लाख की कब्रिस्तान बाउंड्री एक साल में ढही, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल

दुर्गावती में गिरा हुआ कब्रिस्तान की बाउंड्री | Prabhat Khabar Network
कैमूर जिले में एक साल पहले 42 लाख रुपये की लागत से बनी कब्रिस्तान की बाउंड्री अचानक गिर गई. स्थानीय लोगों ने निर्माण में अनियमितता का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है. इससे कब्रिस्तान की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.
Kaimur News : कैमूर जिला के दुर्गावती प्रखंड के डहला मोड़ स्थित कब्रिस्तान की बाउंड्री शनिवार सुबह अचानक भरभराकर गिर गई. करीब एक वर्ष पहले मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के तहत लगभग 42 लाख रुपये की लागत से कराई गई घेराबंदी का करीब 50 फीट हिस्सा धराशायी हो गया. घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी और मायूसी है.
एक साल पहले बनी थी बाउंड्री, अब 50 फीट हिस्सा ढहा
जानकारी के अनुसार, दुर्गावती बाजार के पश्चिम स्थित डहला मोड़ के पास कब्रिस्तान की घेराबंदी मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के तहत कराई गई थी. शनिवार सुबह अचानक बाउंड्री का करीब 50 फीट हिस्सा गिर गया. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और मुस्लिम समुदाय के लोग मौके पर पहुंच गए.
निर्माण कार्य में अनियमितता का आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बाउंड्री निर्माण के दौरान ठेकेदार ने गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं किया. उनका कहना है कि निर्माण के समय ही एस्टीमेट के अनुरूप कार्य कराने की मांग की गई थी, लेकिन उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया गया. लोगों का आरोप है कि इसी लापरवाही का परिणाम है कि एक साल के भीतर ही दीवार ढह गई.
कब्रिस्तान की सुरक्षा पर बढ़ी चिंता
स्थानीय लोगों ने बताया कि बाउंड्री बनने के बाद कब्रिस्तान में आवारा पशुओं का प्रवेश रुक गया था और परिसर साफ-सुथरा रहता था. अब पश्चिमी दीवार गिर जाने से फिर से पशुओं के अंदर जाने और गंदगी फैलने की आशंका बढ़ गई है.
जांच और मरम्मत की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मामले की जांच कराने, निर्माण की गुणवत्ता की जांच कराने तथा क्षतिग्रस्त बाउंड्री का शीघ्र पुनर्निर्माण कराने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










