कैमूर में 1.47 करोड़ का नाला पहली बारिश में ही फेल, लीकेज से घरों में घुसा पानी, गुणवत्ता पर उठे बड़े सवाल

Updated:
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

कैमूर जिले में नगर विकास विभाग द्वारा 1.47 करोड़ की लागत से बनाया गया नाला पहली ही बारिश में दम तोड़ गया. लीकेज और खराब जल निकासी के कारण लोगों के घरों में पानी घुस गया, जिससे स्थानीय लोगों में भारी रोष है.

विज्ञापन

Kaimur News : कैमूर जिला नगर पंचायत रामगढ़ के वार्ड संख्या-2 में नगर विकास विभाग की ओर से करीब 1.47 करोड़ रुपये की लागत से बनाए गए नाले की गुणवत्ता पहली ही बारिश में सवालों के घेरे में आ गई है. नाले की दीवारों में कई जगह लीकेज होने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से बारिश का पानी ओवरफ्लो होकर टेल एंड इलाके के कई घरों में घुस गया. इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है और निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं.

जल निकासी नहीं होने से बढ़ी परेशानी

ग्रामीणों का कहना है कि नाले के पानी की निकासी किसी दूसरे नाले या बाहा से नहीं जोड़ी गई. इसके कारण बारिश के दौरान पानी भरकर घरों में घुस गया. वहीं, निर्माण के दौरान सड़क को कई जगह खोदकर छोड़ दिया गया, जिससे लोगों का आवागमन भी प्रभावित हो रहा है.

ग्रामीण बोले- बिना योजना के हुआ निर्माण

स्थानीय निवासी विनय कुमार शर्मा ने बताया कि निर्माण के समय ही वार्ड पार्षद, जेई और संवेदक को अनियमितताओं की जानकारी दी गई थी, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया. उनका आरोप है कि नाले की लेवलिंग सही तरीके से नहीं की गई और बड़े-बड़े स्लैब लगाए गए हैं, जिन्हें भविष्य में सफाई के दौरान हटाना मुश्किल होगा.

पहली बारिश में घरों में घुसा पानी

वार्डवासी विष्णु कुमार गुप्ता ने बताया कि पहली ही बारिश में नाले का पानी उनके घर में घुस गया. रात एक बजे तक परिवार के साथ बाल्टी से पानी निकालना पड़ा. इससे घर का सामान भी खराब हो गया. उन्होंने कहा कि करीब 100 फीट के दायरे में कई जगह नाले की दीवारों से पानी रिस रहा है और गंदा पानी खेतों में बह रहा है.

ईओ ने जांच के दिए आदेश

नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी राहुल कुमार ने कहा कि लीकेज की शिकायत मिलने के बाद नगर आवास विभाग के कार्यपालक अभियंता को जांच के निर्देश दिए गए हैं. यदि जांच में निर्माण में गड़बड़ी पाई जाती है तो लीकेज वाले हिस्से को तोड़कर दोबारा निर्माण कराया जाएगा.

उन्होंने बताया कि वार्ड-2 के नाला निर्माण कार्य में अब तक संवेदक को 27 लाख रुपये का ही भुगतान किया गया है. शेष राशि कार्य पूरी तरह संतोषजनक होने के बाद ही जारी की जाएगी.

प्रस्तावित नाले से जोड़ा जाएगा पानी

ईओ ने बताया कि वार्ड का पानी भविष्य में खोरहरा मुख्य सड़क के किनारे बनने वाले प्रस्तावित नाले में छोड़ा जाएगा. फिलहाल कुछ घरों का पानी पुराने नाले से निकाला जा रहा है. प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.


विज्ञापन
Sanjay Jaiswal

लेखक के बारे में

By Sanjay Jaiswal

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन