Kaimur News : कैमूर में उमस वाली बेहिसाब गर्मी, आज शाम आंधी-बारिश का अलर्ट
Published by : JITENDRA KUMAR Updated At : 06 Jun 2026 7:00 AM
प्रतीकात्मक
Kaimur News कैमूर जिले में पिछले कुछ दिनों से बेहिसाब गर्मी और उमस ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है. हालांकि आसमान में बादलों की आवाजाही लगातार जारी है
Kaimur News : अमित कुमार सिन्हा की रिपोर्ट : कैमूर जिले में पिछले कुछ दिनों से बेहिसाब गर्मी और उमस ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है. हालांकि आसमान में बादलों की आवाजाही लगातार जारी है, लेकिन पुरवा हवा चलने के कारण उमस अपने चरम पर पहुंच गई है. मौसम विभाग की मानें तो अभी अगले पूरे सप्ताह तक आम जनता को इस चिपचिपी गर्मी से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है. आज शनिवार को भी जिले में भीषण उमस और उष्ण लहर (हीट वेव) का प्रकोप बरकरार रहेगा.
शाम को आंधी-बारिश की संभावना, पर दिन में तपाएगी धूप
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, शनिवार को दिनभर तेज धूप और भारी उमस लोगों को परेशान करेगी. हालांकि, इस दौरान आसमान में छिटपुट बादलों की आवाजाही से धूप की तपिश में थोड़ी कमी जरूर महसूस हो सकती है. मौसम वैज्ञानिकों ने राहत की एक बड़ी खबर देते हुए बताया है कि आज शनिवार की देर शाम जिले में 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और गरज के साथ बारिश होने की पूरी संभावना है.
क्यों बनी हुई है इतनी उमस? जानिए तापमान का हाल
लगातार पुरवा हवा चलने और हवा में आर्द्रता (ह्यूमिडिटी) का स्तर 56 प्रतिशत से अधिक रहने के कारण उमस कम होने का नाम नहीं ले रही है. शनिवार को जिले के तापमान की संभावित स्थिति कुछ इस प्रकार रहने वाली है:
अधिकतम तापमान: लगभग 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.
न्यूनतम तापमान: 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है.
बादल और हवा की चाल: सुबह और शाम के समय आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. इस दौरान पूरब से पश्चिम की ओर 25 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हल्की से मध्यम हवाएं चलेंगी.
सेहत अलर्ट: 10 बजे के बाद बरतें विशेष सावधानी
मौसम के इन कड़े तेवरों को देखते हुए डॉक्टरों और प्रशासन ने लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. आज शनिवार को भी धूप और उमस से कोई बड़ी राहत नहीं मिलने वाली है. इसलिए, सुबह 10 बजे के बाद बहुत जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलें. धूप के सीधे प्रभाव से बचने के लिए अपने साथ हेलमेट, गमछा, टोपी या छाता जरूर रखें और पानी पीते रहें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










