कैमूर में घर के बाहर युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, पैर में लगा गोली का छर्रा; चार खोखा बरामद

Updated:
विज्ञापन
Kaimur Crime News

AI इमेज. फोटो – प्रभात खबर

Kaimur Crime News : भगवानपुर थाना क्षेत्र के मर्ची गांव में भूमि विवाद को लेकर देर रात अंधाधुंध फायरिंग की गई. पुलिस ने घटनास्थल से चार खोखे बरामद कर जांच शुरू कर दी है.

विज्ञापन

Kaimur Crime News : भगवानपुर थाना क्षेत्र के मर्ची (मर्ची-पिहरा) गांव में 29 जून की देर रात हुई दुस्साहसिक गोलीबारी के मामले में भगवानपुर थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चार नामजद और तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है. पीड़ित देवनाथ कुशवाहा द्वारा थाने में दिए गए लिखित आवेदन के अनुसार, 29 जून की रात करीब एक बजे वह अपने घर के बाहर मवेशी बांध रहे थे.

शुरू कर दी ताबड़तोड़ फायरिंग

इसी दौरान कसेर गांव के निवासी सौरभ कुमार सिंह, मिथिलेश सिंह, गोलू सिंह और भोलू सिंह सहित तीन अज्ञात लोग अत्याधुनिक हथियारों से लैस होकर वहां आ धमके और आते ही ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी.

ग्रिल से टकराकर पैर में लगा छर्रा

अपराधियों द्वारा की गई इस अंधाधुंध फायरिंग के दौरान एक गोली लोहे के ग्रिलनुमा गेट से जाकर टकराई. गेट से टकराने के बाद गोली का छर्रा सीधे देवनाथ कुशवाहा के दाहिने पैर में जा लगा, जिससे वे लहूलुहान हो गए. गोलीबारी के बीच पीड़ित ने सूझबूझ दिखाई और किसी तरह दौड़कर घर के अंदर भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे.

अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हुए आरोपी

देर रात अचानक गोली चलने की तड़तड़ाहट सुनकर जब परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर जुटे, तब तक सभी आरोपी जान से मारने की लिखित और मौखिक धमकी देते हुए अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से फरार हो चुके थे.

भूमि विवाद में पहले भी मिला था धमकी भरा पत्र

पीड़ित देवनाथ कुशवाहा ने अपने आवेदन में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि पैतृक भूमि विवाद को लेकर आरोपी उन्हें पिछले लंबे समय से लगातार जान से मारने की धमकियां दे रहे थे. उन्होंने पुलिस को बताया कि इस मामले में हाल ही में एक वकालतन नोटिस (लीगल नोटिस) भेजे जाने के बाद से ही आरोपी पूरी तरह बौखलाए हुए थे और उनकी हत्या करने की फिराक में घूम रहे थे. थाने में दिए गए आवेदन में पीड़ित ने पूर्व में आरोपियों द्वारा भेजे गए एक धमकी भरे पत्र का भी विशेष रूप से उल्लेख किया है.

घटनास्थल से चार खोखे बरामद

इस संबंध में भगवानपुर थानाध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा ने बताया कि पीड़ित के आवेदन को आधार बनाकर चार नामजद और तीन अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौका-ए-वारदात से चार खाली खोखे बरामद किए हैं.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपियों की पहचान और धरपकड़ के लिए आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. उन्होंने पुष्टि की कि घायल युवक के पैर में गोली का छर्रा लगा है और वे खतरे से बाहर हैं. पुलिस भूमि विवाद सहित अन्य सभी कोणों से मामले की बारीकी से जांच कर रही है और अनुसंधान में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कठोर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.

Also Read : कैमूर में डिवाइडर से टकराई बाइक; युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

विज्ञापन
Pankaj Singh

लेखक के बारे में

By Pankaj Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन