कैमूर: स्कूल से लौट रही हेडमास्टर की कार हुई अनियंत्रित, टक्कर से गिरी लोहे की गुमटी, दबकर महिला की मौत

फोटो.मौत के बाद सदर अस्पताल में जुटे परिजन | Prabhat Khabar Network
कैमूर जिले के कबार गांव में शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में मीरा देवी नाम की महिला की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे रखी लोहे की भारी गुमटी से टकराई, जिससे वह महिला पर गिर गई।
Kaimur Kabar Village Road Accident : कैमूर जिले के भभुआ थाना क्षेत्र के कबार गांव में शुक्रवार देर शाम दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई. सड़क किनारे पैदल जा रही महिला पर कार की टक्कर से लोहे की भारी गुमटी गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
सड़क किनारे जा रही महिला पर गिरी लोहे की गुमटी
जानकारी के अनुसार, मृत महिला की पहचान कबार गांव निवासी राजकुमार राम की 50 वर्षीय पत्नी मीरा देवी के रूप में हुई है. परिजनों ने बताया कि मीरा देवी सड़क किनारे पैदल जा रही थीं. इसी दौरान तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे रखी लोहे की गुमटी से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि भारी गुमटी उखड़कर महिला के ऊपर गिर गई. गुमटी के नीचे दबने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं.
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने तत्काल महिला को इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल पहुंचाया. इमरजेंसी में मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया.
सरकारी स्कूल की हेडमास्टर चला रही थीं कार
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के समय कार एक सरकारी विद्यालय की प्रधानाध्यापिका चला रही थीं. बताया जा रहा है कि विद्यालय की छुट्टी होने के बाद वह अपने घर दतियांव गांव लौट रही थीं. इसी दौरान कबार गांव के पास कार अनियंत्रित हो गई और यह हादसा हो गया. हालांकि पुलिस ने चालक के संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम की तैयारी
घटना की सूचना मिलते ही भभुआ थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










