कैमूर: ई-रिक्शा को बचाने में पलटी बाइक, दुर्गावती जलाशय से लौट रहे दो युवक गंभीर घायल

Author Raju kumar|Edited by Vivek Singh
Updated:
विज्ञापन

घायल युवक का इलाज करते डॉ | Prabhat Khabar Network

दुर्गावती जलाशय से लौटते समय बाइक पलटने से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भभुआ रेफर किया गया है।

विज्ञापन

Kaimur News : रामपुर करमचट थाना क्षेत्र के सबार-भितरीबांध मार्ग पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक युवक मामूली रूप से चोटिल हुआ. तीनों युवक दुर्गावती जलाशय परियोजना घूमकर अपने घर लौट रहे थे. हादसा सामने से आ रहे ई-रिक्शा को बचाने के प्रयास में हुआ.

आपके शहर में

विज्ञापन

ई-रिक्शा को बचाने के दौरान अनियंत्रित हुई बाइक

जानकारी के अनुसार सोनहन थाना क्षेत्र के मिव गांव निवासी 30 वर्षीय देवेंद्र रजक, 32 वर्षीय उपेंद्र बिंद और 28 वर्षीय गोविंद कुमार एक ही बाइक पर सवार होकर शुक्रवार दोपहर दुर्गावती जलाशय परियोजना घूमने गए थे. शाम को लौटने के दौरान सबार गांव के समीप सामने से तेज गति से आ रहे ई-रिक्शा को बचाने के लिए बाइक चालक ने अचानक वाहन मोड़ा. इससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई और तीनों युवक दूर जा गिरे.

दो युवकों को सिर में गंभीर चोट, एक को मामूली खरोंच

हादसे में देवेंद्र रजक और उपेंद्र बिंद के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं. वहीं बाइक पर पीछे बैठे गोविंद कुमार को मामूली खरोंच आई. हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल दोनों घायलों को ई-रिक्शा की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर पहुंचाया.

प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर

पीएचसी रामपुर में ड्यूटी पर तैनात डॉ. रमेश कुमार ने दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया. चिकित्सक ने बताया कि दोनों के सिर में गंभीर चोट लगी है. बेहतर इलाज के लिए उन्हें सदर अस्पताल, भभुआ रेफर कर दिया गया. वहीं गोविंद कुमार का इलाज कर घर भेज दिया गया.

ग्रामीणों ने स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग उठाई

घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में ग्रामीणों और परिजनों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों का कहना है कि सबार-भितरीबांध मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं. उन्होंने प्रशासन से इस मार्ग पर स्पीड ब्रेकर और चेतावनी संकेतक लगाने की मांग की है.

पुलिस ने शुरू की जांच

करमचट थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की जानकारी मिल गई है. घायलों के बयान के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन