कैमूर में सड़क पर उतरीं आशा कार्यकर्ता; बोलीं- 'दाम नहीं तो काम नहीं, दूसरे दिन भी जारी रहा हड़ताल

Edited by Suryakant Kumar
Updated:
विज्ञापन

सीएचसी पहुंच कार्य बहिष्कार करती आशा और आशा फैसिलिटेटर

Asha Workers Strike : कैमूर जिले के दुर्गावती सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर 11 महीने से लंबित मानदेय भुगतान को लेकर आशा कार्यकर्ताओं का अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार दूसरे दिन भी जारी रहा.

विज्ञापन

दुर्गावती से सच्चिदानंद सिंह की रिपोर्ट :
Asha Workers Strike :
दुर्गावती प्रखंड परिसर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर आशा कार्यकर्ता व आशा फैसिलिटेटरों ने अपनी मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया. बिहार राज्य आशा कार्यकर्ता संघ (महासंघ गोप गुट) बिहार राज्य कमेटी के आह्वान पर बुधवार को दूसरे दिन भी कार्यकर्ताओं ने हड़ताल और कार्य बहिष्कार जारी रखा. इस दौरान स्वास्थ्य केंद्र परिसर में आंदोलनकारी डटे रहे.

‘दाम नहीं तो काम नहीं’ का लगाया नारा

प्रदर्शन के दौरान आशा कार्यकर्ताओं ने “दाम नहीं तो काम नहीं” और “आशा बहनें करें पुकार, नहीं सहेंगे अत्याचार” जैसे नारे लगाते हुए अपनी मांगों की आवाज बुलंद की. उन्होंने कहा कि 11 महीने से लंबित मानदेय और पारिश्रमिक भुगतान को लेकर पिछले मंगलवार से आक्रोशपूर्ण कार्य बहिष्कार आंदोलन शुरू किया गया है, जो कि पूरी तरह से अनिश्चितकालीन है.

कार्यकर्ताओं के समक्ष आर्थिक संकट

आंदोलनकारियों ने कहा कि आशा कार्यकर्ता और आशा फैसिलिटेटर लंबे समय से अपने बकाया भुगतान की मांग कर रही हैं, लेकिन अब तक मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है. इससे आशा कार्यकर्ताओं के समक्ष गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है. सरकार द्वारा निर्धारित कार्यों से अधिक जिम्मेदारियां आशा कार्यकर्ताओं को दी जाती हैं, लेकिन समय पर भुगतान नहीं किया जाता.

बकाया भुगतान तक जारी रहेगा आंदोलन

कार्यकर्ताओं ने साफ किया कि ऐसे हालातों में मजबूर होकर उन्हें कार्य बहिष्कार का रास्ता अपनाना पड़ा है. यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक कि सभी बकाया राशि का भुगतान नहीं हो जाता. संगठन ने स्पष्ट किया है कि कार्य बहिष्कार के कारण स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ने वाले प्रभाव की पूरी जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग की होगी.

मौके पर ये कार्यकर्ता रहे मौजूद

इस आंदोलन व प्रदर्शन के मौके पर मुख्य रूप से जमीला, जय श्री देवी, कंचन, दुर्गा देवी, उषा देवी, फुल कुमारी, निर्मला देवी, पूनम देवी सहित कई अन्य आशा और आशा फैसिलिटेटर मौजूद रहीं.

Also Read : बिहार के लाल ने JEE Advanced में मारी बाजी, पिता करते हैं मजदूरी, बेटे की सफलता पर रो पड़ी मां

विज्ञापन
Suryakant Kumar

लेखक के बारे में

By Suryakant Kumar

सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं और डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे गया, औरंगाबाद, कैमूर और बक्सर जिलों से जुड़ी हाइपरलोकल खबरों, शिक्षा, रोजगार, प्रशासनिक गतिविधियों और जनसरोकार के विषयों पर समाचार लेखन का कार्य कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन