एकता, जेपी और पटेल चौक के 10 मीटर के अंदर नहीं लगेंगे ठेला व सवारी वाहन

एसडीएम ने फल-सब्जी बेचने वाले दुकानदारों के साथ बैठक कर दिया सख्त निर्देश
=एकता चौक पर फल बेचने वाले दुकानदार नगरपालिका मैदान में लगायेंगे अपनी दुकान सब्जी मंडी के दुकानदारों को अब एकता चौक से राजेंद्र सरोवर तक बने वेंडर जोन में लगाने होंगे दुकान या ठेले =एसडीएम ने फल-सब्जी बेचने वाले दुकानदारों के साथ बैठक कर दिया सख्त निर्देश भभुआ सदर. शहर के एकता चौक, जयप्रकाश चौक और पटेल चौक के 10 मीटर के अंदर अब से फल सब्जी के ठेले और सवारी वाहन जैसे इ-रिक्शा और ऑटो नहीं लगेंगे. शनिवार को शहर में बढ़ रहे अतिक्रमण और कुव्यवस्था को लेकर भभुआ एसडीएम अमित कुमार ने शहर के फल और सब्जी दुकानदारों के साथ बैठक कर इसका निर्देश दिया. इसके अलावा बैठक में यह भी निर्णय हुआ कि एकता चौक पर स्थायी रूप से या ठेले पर फल बेचनेवाले दुकानदार नगरपालिका मैदान में अब अपनी फल की दुकान लगायेंगे. जबकि, सब्जी मंडी में सब्जी बेचनेवाले दुकानदारों को अब एकता चौक से राजेंद्र सरोवर तक बने वेंडर जोन में अपनी दुकान या ठेले लगाने होंगे. इसके लिए एसडीएम ने 15 फरवरी तक की डेडलाइन तय की है. इसको लेकर नगर के कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देश पर अमल करने को कहा गया है. फल व सब्जी दुकानदारों के साथ बैठक करने के बाद एसडीएम ने बताया कि जानकारी प्राप्त हुई है कि सब्जी मंडी रोड में कई मकान मालिकों ने अपने आगे का हिस्सा सब्जी दुकानदारों को भाड़े पर दे दी है, जहां दुकानदार ठेले पर या सड़क के किनारे अतिक्रमित जोन में अपनी दुकान लगा रहे है. इससे सब्जी मंडी सड़क पूरी तरह से अतिक्रमण का शिकार हो चला है और इससे लोगों को खासकर गर्ल्स स्कूल में पढ़नेवाली छात्राओं और महिला और एससी एसटी थाने की पुलिस कर्मियों को आने जाने में काफी दिक्कत हो रही है. इसको देखते हुए कार्यपालक पदाधिकारी को वैसे मकान मालिकों और सब्जी दुकानदारों को चिह्नित कर नोटिस करने और कार्रवाई करने को कहा गया है. एसडीएम ने बताया कि इसके अलावा सब्जी मंडी में बने दुकानों को फिर से चिह्नित किया जायेगा कि दुकानें किन किन लोगों के नाम है और वैसे दुकानदार अपनी दुकान मंडी में लगा रहे है कि नहीं? चिह्नित किये जाने के बाद सभी सब्जी दुकानदारों को एकता चौक से राजेंद्र सरोवर तक दोनों तरफ बने वेंडर जोन में सब्जी की दुकान या ठेले लगाने का निर्देश दिया गया है. एसडीएम ने बताया कि मकान मालिकों को नोटिस भेजने व सीआरपीसी की धारा 133 के तहत कानूनी कार्रवाई करने का चेतावनी जारी करने को कहा गया है. नोटिस के बाद अनुमंडल प्रशासन ने स्थिति सामान्य स्तर पर नहीं आने पर बलपूर्वक कार्रवाई करेगा. गौरतलब है कि मंडी में 22 मकान मालिकों को चिह्नित किया गया है, जिन्हें नोटिस भेजने की तैयारी की जा रही है. शनिवार को एसडीएम कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान ट्रैफिक डीएसपी विजय कुमार गुप्ता, भभुआ इओ संजय उपाध्याय, नगर पर्षद अध्यक्ष, नगर प्रबंधक सोनू कुमार सिंह सहित सब्जी दुकानदार इलमवासी देवी, अंडा विक्रेता कलीम राईन, शाहरुख खान सहित अन्य दुकानदार उपस्थित रहे. =22 फुट की सड़क सिमट गयी है 10 फुट में दरअसल, सब्जी मंडी रोड का जब निर्माण हुआ और नगर पर्षद द्वारा उसका सौंदर्यीकरण कराया जाने लगा, तो उस वक्त सड़क निर्माण के दौरान सब्जी मंडी के दोनों तरफ फुटपाथ की चौड़ाई 22 फुट रही थी. लेकिन, धीरे धीरे उक्त रोड में मकान मालिकों के सह पर सब्जी दुकानदार काबिज होने लगे. इसके चलते फुटपाथ और सड़क की चौड़ाई सिमटकर 10 फुट से भी कम हो गयी है. इधर,लोगों की माने तो सब्जी दुकानदारों द्वारा महंगा किराया देने के चलते मंडी रोड में स्थित मकान मालिकों ने घर के आगे बने बैठका और कटरे को सब्जी दुकानदारों को भाड़े पर दे दिया गया है. सब्जी दुकानदार भी जब मुंह मांगा किराया देने लगे, तो मकानों के मालिक दुकान के अलावा सामने सड़क की सरकारी जमीन को भी हथिया लिये. जबकि, सब्जी मंडी आज भी खाली है लेकिन, मंडी में जगह की कमी और ग्राहकों के नहीं आने का कहते हुए सब्जी विक्रेता भी सड़क पर काबिज है. =सवारी वाहन चालकों के लिए निर्देश जारी एसडीएम अमित कुमार ने बताया कि शहर में बेतरतीब चलनेवाले या जहां जगह मिला, वहां सवारी वाहन खड़ी करनेवाले चालकों पर भी कार्रवाई की जायेगी. इसको लेकर ट्रैफिक डीएसपी के साथ समन्वय बनाया जा रहा है. सब्जी और फल विक्रेताओं के साथ सवारी वाहन चालकों के लिए भी नियम कायदे बनाये जायेंगे.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




