भभुआ रोड स्टेशन पर महिला ने बच्ची को दिया जन्म, आरपीएफ-जीआरपी की मदद से प्लेटफॉर्म पर हुई सेफ डिलीवरी
Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 06 Apr 2026 5:25 PM
प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा को पहुंचाया गया अस्पताल
Bihar News: कैमूर के भभुआ रोड स्टेशन पर एक गर्भवती महिला ने प्लेटफॉर्म पर ही बच्ची को जन्म दिया. आरपीएफ और जीआरपी की तत्परता से सुरक्षित प्रसव कराया गया, हालांकि एम्बुलेंस देरी से पहुंचने के कारण मौके पर ही व्यवस्था करनी पड़ी.
Bihar News: कैमूर जिले के भभुआ रोड रेलवे स्टेशन पर सोमवार को मानवता और तत्परता की एक मिसाल देखने को मिली. प्लेटफॉर्म पर ही एक गर्भवती महिला ने बच्ची को जन्म दिया, जहां रेलवे प्रशासन, आरपीएफ और जीआरपी की सक्रियता से सुरक्षित प्रसव कराया गया. यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है.
ट्रेन से अस्पताल जा रही थी महिला
जानकारी के अनुसार, कुदरा थाना क्षेत्र के कझार गांव निवासी लालू चौधरी की 22 वर्षीय पत्नी रीना देवी अपने पति और मां के साथ ट्रेन संख्या 63293 अप से मोहनिया अनुमंडलीय अस्पताल रूटीन चेकअप के लिए जा रही थीं. जैसे ही ट्रेन सुबह 11:32 बजे भभुआ रोड स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 2 पर पहुंची, उन्हें अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई.
प्लेटफॉर्म पर बनाया गया सुरक्षित माहौल
स्थिति को गंभीर देखते हुए स्टेशन पर मौजूद अधिकारियों ने तुरंत मोर्चा संभाला. एसएस भभुआ के नेतृत्व में एएसआई प्रवीण कुमार ओझा, आरपीएफ जवान कैसर जमाल खान, जीआरपी प्रभारी मुन्ना कुमार, आरक्षी राजीव कुमार और महिला आरक्षी मधु साहनी व रिकू कुमारी ने मिलकर तत्काल व्यवस्था की. महिला आरक्षियों और परिजनों की मदद से प्लेटफॉर्म पर चादरों से घेरकर सुरक्षित वातावरण तैयार किया गया.
मौके पर ही हुआ सुरक्षित प्रसव, बच्ची और मां दोनों स्वस्थ
एम्बुलेंस का इंतजार किया गया, लेकिन प्रसव पीड़ा बढ़ने के कारण मौके पर ही डिलीवरी कराने का फैसला लिया गया. सभी के सहयोग से रीना देवी ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया. इसके बाद पहुंची एम्बुलेंस से जच्चा-बच्चा को सुरक्षित अनुमंडलीय अस्पताल मोहनिया भेज दिया गया.
45 मिनट देर से पहुंची एम्बुलेंस, बढ़ी परेशानी
बताया जा रहा है कि रेलवे द्वारा एम्बुलेंस के लिए सूचना देने के बावजूद करीब 45 मिनट की देरी से एम्बुलेंस मौके पर पहुंची. इस वजह से मजबूरी में प्लेटफॉर्म पर ही प्रसव कराना पड़ा, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल भी बना रहा.
रेलकर्मियों की हो रही सराहना
घटना के बाद परिजनों ने रेलवे प्रशासन, आरपीएफ और जीआरपी टीम का आभार जताया. स्टेशन प्रबंधक आरपी सिंह ने बताया कि परिस्थितियों को देखते हुए तुरंत निर्णय लिया गया और टीमवर्क से सुरक्षित प्रसव संभव हो पाया.
Also Read: अवैध संबंध के शक में सनकी पति बना हैवान, पत्नी की हत्या कर गड्ढे में दफनाया
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










