कैमूर न्यूज: मुंडेश्वरी पुल पर फंसा 18 पहिया ट्रक, घंटों बाधित रहा आवागमन

Published by : kumarsuryakant Updated At : 17 May 2026 2:48 PM

विज्ञापन

पुल पर फंसा वाहन

Kaimur News: कैमूर में 17 मई को सुबह करीब 9 बजे भगवानपुर-मुंडेश्वरी नदी पुल पर एक 18 पहिया कमर्शियल वाहन बुरी तरह फंस गया. सामान खाली करने के बाद चालक उमापुर-सरैयां-मसहीं होते हुए भगवानपुर के रास्ते वापस लौट रहा था. इसी दौरान पुल के आखिरी मोड़ पर वाहन फंस गया.

विज्ञापन

Kaimur News(पंकज सिंह): रविवार सुबह करीब 9 बजे भगवानपुर-मुंडेश्वरी नदी पुल पर एक 18 पहिया कमर्शियल वाहन बुरी तरह फंस गया. काफी देर तक चली मशक्कत के बाद वाहन को बाहर निकाला जा सका. इस दौरान पुल पर आवागमन प्रभावित रहा और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

भगवानपुर के रास्ते वापस लौटने के दौरान हुई घटना

बताया जाता है कि वाहन चालक मध्य प्रदेश से लूज सीमेंट पाउडर लेकर आया था. वाहन को माता मुंडेश्वरी धाम के उत्तर दिशा स्थित इलाके में नहर खुदाई और पक्कीकरण कार्य के लिए पहुंचाया गया था. सामान खाली करने के बाद चालक उमापुर-सरैयां-मसहीं होते हुए भगवानपुर के रास्ते वापस लौट रहा था. इसी दौरान पुल के आखिरी मोड़ पर वाहन फंस गया.

ओवरकॉन्फिडेंस में बढ़ी परेशानी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक ने वाहन को जबरदस्ती निकालने की कोशिश की, लेकिन स्थिति और बिगड़ गई. वाहन का अगला दाहिना पहिया नहर में उतर गया, जबकि पीछे के दो पहिए पुल की सुरक्षा दीवार पर चढ़ गए. इससे सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हो गई.

कई गांवों का आवागमन हुआ प्रभावित

घटना के कारण भगवानपुर रोड से माता मुंडेश्वरी धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी उठानी पड़ी. वहीं उमापुर, सरैयां, मसहीं, बभनी, धलंगड़ा के किसानों और व्यवसायियों के अलावा चैनपुर, चांद और धरौली (चंदौली, यूपी) के राहगीरों का आवागमन भी प्रभावित रहा. कई वाहन चालकों को यू-टर्न लेकर वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ा. वहीं कई महिलाएं और पुरुष छोटे बच्चों को गोद में लेकर तेज धूप में पैदल नहर किनारे रास्ते से अपने गंतव्य तक जाते दिखे.

चालक ने बताई घटना की वजह

घटनास्थल पर चालक विकास तिवारी ने बताया कि वह मध्य प्रदेश के रीवा जिले का रहने वाला है. वाहन मालिक का नाम संदीप तिवारी है. फंसे वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर एमपी-19/बीजे-3690 है. चालक ने बताया कि वह मुंडेश्वरी धाम के पास स्थित मातेश्वरी कंस्ट्रक्शन में सीमेंट पाउडर खाली करने आया था. वापसी के दौरान मोबाइल पर रेणुकूट (यूपी) का लोकेशन ट्रेस करने पर उसे यही रास्ता बताया गया, जिसके बाद वह इसी मार्ग पर चल पड़ा और वाहन पुल पर फंस गया.

जेसीबी की मदद से निकाला गया वाहन

वाहन फंसने की सूचना चालक ने अपने मालिक को दी. इसके बाद जेसीबी मशीन मंगाने की सलाह दी गई. भगवानपुर गांव निवासी देव प्रताप सिंह, दीपक सिंह और राज नारायण सिंह उर्फ बबुआ ने मातेश्वरी कंस्ट्रक्शन से जेसीबी मशीन मंगाया गया. काफी मशक्कत के बाद वाहन को बाहर निकाला गया. वाहन हटने के बाद एक बार फिर आवागमन सुचारू हुआ, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली.

क्या कहते हैं एसएचओ

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और संबंधित वाहन को जब्त कर थाने ले गई. इस संबंध में एसएचओ चंद्रशेखर शर्मा ने बताया कि फिलहाल वाहन को जब्त कर थाने लाया गया है. चालक से पूछताछ की जा रही है. संवैधानिक अधिकार से पूछताछ करने के बाद वाहन और उसके चालक को छोड़ दिया जाएगा.

Also Read: सीवान में हड़ताल पर पंचायत सचिवों को अंतिम चेतावनी, 18 मई तक ड्यूटी पर लौटने का निर्देश

विज्ञापन
kumarsuryakant

लेखक के बारे में

By kumarsuryakant

kumarsuryakant is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन