जहानाबाद : एबीवीपी की घोषी नगर इकाई की नई कार्यकारिणी घोषित, अंजनी बने नगर अध्यक्ष
विद्यार्थी परिषद के नए कार्यकारणी में शामिल छात्र | Prabhat Khabar Network
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की घोषी नगर इकाई की नवीन कार्यकारिणी घोषित की गई। अंजनी कुमार अध्यक्ष और हरेराम कुमार नगर मंत्री बनाए गए।
jehanabad News : जहानाबाद में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की घोषी नगर इकाई की नई कार्यकारिणी की घोषणा गुरुवार को आयोजित संगठनात्मक बैठक में की गई. बैठक में संगठन विस्तार, आगामी सदस्यता अभियान, छात्र हित से जुड़े मुद्दों और भावी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई. जिला संयोजक नारायण जी ने पूर्व नगर कार्यकारिणी को भंग करते हुए नई कार्यकारिणी की घोषणा की.
अंजनी कुमार को नगर अध्यक्ष, हरेराम बने नगर मंत्री
नई कार्यकारिणी में प्रा. अंजनी कुमार को नगर अध्यक्ष तथा हरेराम कुमार को नगर मंत्री बनाया गया. वहीं हर्ष कुमार, विक्की कुमार, अमन कुमार, दीपू कुमार और बंटी कुमार को नगर सह मंत्री की जिम्मेदारी दी गई. इसके अलावा दीपक कुमार को एसएफएस प्रमुख, आयुष कुमार को नगर एसएफडी प्रमुख तथा शुभम कुमार को खेलो भारत प्रमुख का दायित्व सौंपा गया.
राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम है एबीवीपी
बैठक को संबोधित करते हुए विभाग संयोजक बिट्टू कुमार ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम है. परिषद का उद्देश्य व्यक्ति निर्माण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण करना है. संगठन विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व और सेवा भावना का विकास करता है.
सदस्यता अभियान को सफल बनाने का आह्वान
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रजनीश कुमार ने कहा कि परिषद का प्रत्येक कार्यकर्ता शिक्षा, संस्कार और सेवा का संदेश समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए कार्य करता है. उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से अधिक से अधिक विद्यार्थियों को परिषद से जोड़ने और संगठन की गरिमा के अनुरूप कार्य करने का आह्वान किया.
छात्र हित के मुद्दों पर रहेगा फोकस
छात्र नेता गोपाल शर्मा ने कहा कि एबीवीपी विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है, जिसने स्थापना काल से ही छात्र हित, समाज हित और राष्ट्र हित के लिए कार्य किया है. उन्होंने कहा कि आगामी सदस्यता अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को संगठन से जोड़ा जाएगा तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष जारी रहेगा. बैठक में संगठन विस्तार, शैक्षणिक संस्थानों में परिषद की सक्रियता बढ़ाने, छात्र हित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और सामाजिक गतिविधियों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी चर्चा हुई. नवनियुक्त पदाधिकारियों ने पूरी निष्ठा के साथ दायित्व निभाने और घोषी नगर में संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










