विधानसभा अध्यक्ष ने बराबर हिल इको-टूरिज्म विकास परियोजना का किया निरीक्षण, दिए निर्देश
बराबर पर्यटन क्षेत्र का निरीक्षण करते विधानसभा अध्यक्ष | Prabhat Khabar Network
बिहार विधानसभा अध्यक्ष ने जहानाबाद के बराबर हिल इको-टूरिज्म विकास परियोजना का निरीक्षण किया। जानिए इस पर्यटन स्थल के विकास और नई सुविधाओं के बारे में पूरी जानकारी।
jehanabad News : जहानाबाद में बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने बुधवार को जिले के ऐतिहासिक एवं विश्वविख्यात बराबर हिल क्षेत्र में 49.90 करोड़ रुपये की लागत से संचालित इको-टूरिज्म विकास परियोजना का स्थल निरीक्षण किया. उन्होंने परियोजना के निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश अधिकारियों को दिया. इस परियोजना का उद्देश्य प्राकृतिक धरोहर के संरक्षण के साथ बराबर हिल को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना है.
परियोजना की प्रगति की ली जानकारी
निरीक्षण के दौरान गया वन प्रमंडल के वन प्रमंडल पदाधिकारी शशिकांत कुमार ने परियोजना के विभिन्न घटकों और निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी दी. विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं तथा विकास कार्यों के दौरान पर्यावरणीय संतुलन का विशेष ध्यान रखा जाए.
कई कार्य पूरे, कई निर्माणाधीन
परियोजना के तहत रेड सैंडस्टोन से निर्मित सीढ़ियों और सुरक्षा रेलिंग का निर्माण, तालाब की गाद निकासी एवं सौंदर्यीकरण, सैंडस्टोन गज़ेबो, सैंडस्टोन बेंचों की स्थापना तथा नए प्रवेश द्वार का निर्माण पूरा हो चुका है. वहीं घाट विकास का कार्य प्रगति पर है, जिससे क्षेत्र की सांस्कृतिक एवं धार्मिक महत्ता को और मजबूती मिलेगी.
पर्यटकों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
परियोजना के अगले चरण में इंटरप्रिटेशन सेंटर, पर्यटकों के लिए बैठक स्थल, हरित पार्क, कैफेटेरिया, वेंडर ज़ोन और पार्किंग जैसी आधुनिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा. इससे पर्यटकों को बेहतर और विश्वस्तरीय अनुभव उपलब्ध होगा.
रोजगार और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि बराबर हिल इको-टूरिज्म परियोजना राज्य सरकार की पर्यटन संवर्धन की महत्वपूर्ण पहल है. इसके पूरा होने पर जहानाबाद का यह ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक धरोहर स्थल राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख आकर्षण के रूप में उभरेगा. साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा. निरीक्षण के अंत में विधानसभा अध्यक्ष ने परियोजना की प्रगति पर संतोष जताते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया. इस दौरान संबंधित विभागों के पदाधिकारी और अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










