जहानाबाद के चीरी गांव में महिला की संदिग्ध मौत, अंतिम संस्कार से पहले पुलिस ने कब्जे में लिया शव
पोस्टमार्टम रुम के पास खड़ा परिजन
घोसी के चीरी गांव में 35 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी है।
घोसी. जहानाबाद जिले के घोसी थाना क्षेत्र के चीरी गांव में 35 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. मृतका की पहचान रीना देवी, पति संतोष बिंद, निवासी चीरी गांव के रूप में हुई है. घटना के बाद हत्या कर साक्ष्य मिटाने की आशंका के बीच शव का अंतिम संस्कार किए जाने की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया.
मायके पक्ष ने जताई हत्या और साक्ष्य मिटाने की आशंका
जानकारी के अनुसार, मृतका के मायके पक्ष को सूचना मिली कि रीना देवी की मौत हो गई है और जल्दबाजी में अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही है. इस पर परिजनों ने हत्या कर साक्ष्य मिटाने की आशंका जताते हुए तत्काल घोसी थाना पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चीरी गांव के पूरब खंधा से शव बरामद कर अपने कब्जे में ले लिया.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, जहानाबाद भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा. फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है.
पुलिस जुटा रही साक्ष्य, परिजनों ने की कार्रवाई की मांग
घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं. मृतका के परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है.
हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
घोसी थाना पुलिस ने बताया कि फिलहाल मामले को संदिग्ध मौत मानते हुए जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने तक किसी भी संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










