जहानाबाद: सावन के पहले रविवार पर बाबा सिद्धनाथ मंदिर में उमड़ी आस्था, 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

Updated:
विज्ञापन
बाबा मंदिर में जलाभिषेक करते श्रद्धालु | Prabhat Khabar Network

बाबा मंदिर में जलाभिषेक करते श्रद्धालु | Prabhat Khabar Network

जहानाबाद की वाणावर पहाड़ी पर स्थित बाबा सिद्धनाथ मंदिर में सावन के पहले रविवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की. प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधा के व्यापक इंतजाम किए.

विज्ञापन

Jehanabad News: सावन माह के पहले रविवार को जहानाबाद जिले के ऐतिहासिक, प्राकृतिक एवं धार्मिक महत्व से परिपूर्ण वाणावर पहाड़ी स्थित बाबा सिद्धनाथ मंदिर में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा. बिहार के विभिन्न जिलों से आए 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की. पूरे दिन मंदिर परिसर और वाणावर पहाड़ी क्षेत्र "हर-हर महादेव" तथा "बोल बम" के जयघोष से गूंजता रहा.

अहले सुबह से ही श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचना शुरू हो गया था. श्रद्धालुओं ने पहाड़ी क्षेत्र में स्थित प्राकृतिक जलस्रोतों में स्नान करने के बाद बाबा सिद्धनाथ मंदिर पहुंचकर श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की. मंदिर के मुख्य द्वार पर जिला प्रशासन द्वारा स्थापित अर्घा सिस्टम के माध्यम से भक्तों ने व्यवस्थित ढंग से जलाभिषेक किया. इस व्यवस्था के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के बावजूद दर्शन और जलाभिषेक सुचारु रूप से संपन्न हुआ.

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने किए व्यापक इंतजाम

श्रावणी मेला को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं सुविधा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. मंदिर परिसर, पहाड़ी मार्ग, पार्किंग स्थल तथा प्रमुख प्रवेश मार्गों पर पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई थी. श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर चप्पे-चप्पे पर पुलिस के जवान मुस्तैद रहे.

प्रशासन द्वारा पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा, सफाई, बैरिकेडिंग तथा भीड़ नियंत्रण की भी समुचित व्यवस्था की गई थी, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा.

पहले सोमवार को और बढ़ सकती है श्रद्धालुओं की संख्या

मंदिर के प्रबंधक भानु प्रताप उर्फ गुड्डू बाबा ने बताया कि सावन के पहले रविवार को 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा सिद्धनाथ का जलाभिषेक किया. उन्होंने कहा कि सावन के पहले सोमवार को श्रद्धालुओं की संख्या और अधिक बढ़ने की संभावना है.

उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से जिला प्रशासन द्वारा बनाई गई व्यवस्था का पालन करते हुए शांतिपूर्ण एवं सुगम तरीके से जलाभिषेक करने की अपील की. साथ ही उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें.

सोमवार को श्रद्धालुओं की संख्या में होगी बढ़ोतरी

श्रद्धालुओं का उत्साह, प्राकृतिक सौंदर्य से आच्छादित वाणावर पहाड़ी का मनोहारी दृश्य और बाबा सिद्धनाथ के प्रति अटूट आस्था ने सावन के पहले रविवार को श्रावणी मेले को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया. आने वाले सोमवार को श्रद्धालुओं की संख्या और अधिक बढ़ने की संभावना को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क और तैयार है.

Also Read: जहानाबाद में युवाओं ने लिया नशामुक्त भारत का संकल्प, प्रधानमंत्री के संबोधन का हुआ लाइव प्रसारण


विज्ञापन
Ramesh Kumar

लेखक के बारे में

By Ramesh Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन