जहानाबाद में 40 डिग्री के पार पहुंचा तापमान, डीएम का क्लास 5 तक की कक्षाएं बंद करने का आदेश
जहानाबाद में 40 डिग्री के पार पहुंचा तापमान
Jehanabad School Closed: जहानाबाद में भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान को देखते हुए डीएम अलंकृता पांडे ने केजी से 5वीं तक की कक्षाएं 20 जून तक बंद करने का आदेश दिया है. वहीं 6वीं से 8वीं तक की पढ़ाई सुबह 10:30 बजे तक ही संचालित होगी.
Jehanabad School Closed: जिले में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारी अलंकृता पांडे ने बड़ा फैसला लिया है. जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में केजी से कक्षा 5 तक की पढ़ाई पर पूर्ण रूप से रोक लगा दी गई है. वहीं कक्षा 6 से 8 तक की कक्षाओं का संचालन पूर्वाह्न 10:30 बजे तक ही किया जा सकेगा.
20 जून तक प्रभावी रहेगा आदेश
जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह निर्देश मंगलवार से आगामी 20 जून तक प्रभावी रहेगा. आदेश जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों के साथ-साथ प्री-स्कूल एवं आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी लागू होगा.

10:30 बजे के बाद नहीं चलेगी कक्षा 8 तक की पढ़ाई
डीएम के आदेश के मुताबिक कक्षा 6 से 8 तक की पढ़ाई केवल पूर्वाह्न 10:30 बजे तक ही संचालित की जा सकेगी. इसके बाद कक्षा 8 तक की किसी भी कक्षा का संचालन नहीं होगा. जिलाधिकारी ने यह आदेश भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत जारी किया है. आदेश मंगलवार से तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है.
40 डिग्री के पार पहुंचा तापमान
गौरतलब है कि जिले में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जबकि न्यूनतम तापमान भी 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है. लगातार बढ़ रही गर्मी और उमस के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है.
स्टेशन पर यात्री की हो चुकी है मौत
भीषण गर्मी का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है. सोमवार को जहानाबाद रेलवे स्टेशन पर एक यात्री की मौत हो गई थी. इसके बाद प्रशासन ने बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है.
इसे भी पढ़ें: शाहाबाद बनेगा शिक्षा का केंद्र, हर प्रखंड में खुलेंगे डिग्री कॉलेज और मॉडल स्कूल: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Nikhil Anurag
मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर पलायन कर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










