जहानाबाद में उत्पाद विभाग के अधिकारियों पर रिश्वत लेने का आरोप, जांच के बाद भी बना सस्पेंस
सांकेतिक तस्वीर
Jehanabad News: जहानाबाद में उत्पाद विभाग के अधिकारियों पर 2.10 लाख रुपये की अवैध वसूली का आरोप लगने के बाद डीएम के निर्देश पर एडीएम स्तर की जांच कराई गई. जांच रिपोर्ट प्रशासन को सौंप दी गई है, लेकिन अब तक सार्वजनिक नहीं हुई है. आरोपित अधिकारी आरोपों को निराधार बता रहे हैं.
Jehanabad News: (आलोक कुमार की रिपोर्ट) बिहार में शराबबंदी कानून को सफल बनाने की जिम्मेदारी उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के अधिकारियों पर है, लेकिन उत्पाद विभाग के अधिकारियों पर मोटी रकम वसूलने का आरोप लगा है. मामला जिलाधिकारी तक पहुंचने के बाद डीएम ने पूरे मामले का पर्दाफाश करने के लिए कमेटी गठित कर जांच करने के आदेश दिए हैं. हालांकि गठित जांच कमेटी द्वारा क्या रिपोर्ट सौंपी गई, इसकी जानकारी काफी दिन बीत जाने के बावजूद उत्पाद विभाग के अधिकारियों के पास नहीं है.
अधिकारियों पर लाखों रुपये वसूलने के आरोप लगने के महीनों बीत जाने के बाद भी जांच कमेटी की रिपोर्ट में पैसा वसूली के आरोप सही हैं या फिर निराधार, इसका खुलासा नहीं हो पाया है. इस मामले में पूछे जाने पर उत्पाद अधीक्षक ने अपनी रिपोर्ट जिला अधिकारी अलंकृत पांडे को सौंपने की बात कही है. कहा जा रहा है कि पीड़ित पक्ष ने जब वरीय अफसरों तक मामले को पहुंचाया तो कार्रवाई के डर से वसूली गई रकम वापस कराई गई. हालांकि इस बात में कितनी सच्चाई है, यह जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही पता चल पाएगा.
आरोप लगने के बाद उत्पाद अधीक्षक ने अधिकारियों से पूछा था स्पष्टीकरण
बताया जाता है कि मामला मार्च 2026 का है, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद अब यह मामला सामने आया है. उत्पाद विभाग के अधिकारियों पर गाली-गलौज, मारपीट और लाखों रुपये वसूली करने के आरोप के तीन माह बीत चुके हैं, लेकिन मामले में हकीकत क्या है, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है. आम लोगों के बीच यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि जांच रिपोर्ट में इतनी देर क्यों हो रही है. अगर मामले में सच्चाई है तो दोषी पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं हुई. ये तमाम बिंदु जांच का विषय हैं.
जिला अधिकारी को शिकायत मिलने के बाद की गई थी जांच कमेटी गठित
बताया जाता है कि नालंदा के इस्लामपुर थाना क्षेत्र के मनीचक के रहने वाले अम्पू कुमार और श्याम सुंदर शर्मा द्वारा जिलाधिकारी जहानाबाद को लिखित शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उत्पाद विभाग की टीम ने 2 लाख 10 हजार रुपये लेकर उन्हें छोड़ा है.
शिकायत में कहा गया था कि 9 मार्च को अम्पू कुमार और श्याम सुंदर शर्मा दोनों गया से इस्लामपुर की तरफ जा रहे थे. जहानाबाद के हुलासगंज के चौहरमल चौक के पास उत्पाद विभाग के अधिकारी वाहन की जांच कर रहे थे. जब उनकी गाड़ी वहां पहुंची तो इन लोगों ने गाड़ी रोकी और चाबी छीन ली. साथ ही दोनों का मोबाइल भी ले लिया. इसके बाद सहायक अवर निरीक्षक संतोष कुमार एवं निरीक्षक मुकेश कुमार गाली-गलौज और मारपीट करने लगे. श्याम सुंदर शर्मा के पैकेट में रखे 60 हजार रुपये निकाल लिए गए. इसके बाद मारपीट करते हुए साहोबीघा नहर पर ले जाकर अम्पू कुमार से एक लाख रुपये की मांग की गई.
अम्पू कुमार ने अपने पिता को कॉल कर साहोबीघा नहर के पास बुलाया और एक लाख रुपये लेकर आने को कहा. जहां अम्पू के पिता ने नहर पर पहुंचकर मद्य निषेध विभाग के निरीक्षक मुकेश कुमार को उक्त राशि दी. आरोप है कि अवर निरीक्षक रणजीत सिंह द्वारा एक वीडियो बनाया गया, जिसमें कहा गया कि जैसा बोला जाएगा वैसा ही बोलना है. इसके बाद अम्पू कुमार से वीडियो में कहलवाया गया कि उनके साथ न मारपीट हुई है और न ही पैसे का कोई लेन-देन हुआ है. यह कहवाने के बाद गाड़ी की चाबी और मोबाइल वापस कर दिया गया.
श्याम सुंदर शर्मा को छोड़ने के लिए मांगे गए थे 50 हजार रुपये
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि इसके बाद भी श्याम सुंदर शर्मा को पकड़कर रखा गया था. उन्हें छोड़ने की एवज में 50 हजार रुपये की मांग की गई. फिर अम्पू कुमार अपने घर से 50 हजार रुपये लेकर आए और सिहीं पेट्रोल पंप से आगे सहायक अवर निरीक्षक नवदीप सिंह को उक्त राशि दी. शिकायत के अनुसार इस तरह कुल मिलाकर 2 लाख 10 हजार रुपये दिए गए, तब जाकर श्याम सुंदर शर्मा को छोड़ा गया. हालांकि पूरे मामले की सच्चाई जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी.
उत्पाद अधीक्षक से भी की थी शिकायत
पीड़ित अम्पू कुमार के पिता मिथिलेश सिंह इस घटना के बाद 12 मार्च को जहानाबाद के उत्पाद अधीक्षक के पास शिकायत लेकर पहुंचे थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि 9 मार्च को उनके बेटे के साथ उत्पाद थाना के थानाध्यक्ष व अन्य कर्मियों ने जबरन 2 लाख 10 हजार रुपये लिए हैं. बताया जाता है कि उत्पाद अधीक्षक दिलीप पाठक ने उन्हें लिखित आवेदन देने को कहा था. इसके बाद अगले दिन उन्होंने डीएम के समक्ष गुहार लगाई. 13 मार्च को शिकायत मिलने के बाद डीएम ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से पूछताछ की और एडीएम विनय कुमार के नेतृत्व में जांच कमेटी गठित कर दी. चर्चा है कि मामला डीएम के संज्ञान में आने के बाद पहले डेढ़ लाख रुपये लौटाए गए, फिर पूरा 2 लाख 10 हजार रुपये वापस कर दिया गया. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
क्या कहते हैं अधीक्षक
उत्पाद के थानाध्यक्ष व अन्य कर्मियों पर पैसा वसूली के आरोप के मामले में अधीक्षक दिलीप कुमार पाठक ने कहा कि उनके पास यह मामला आया था. इसके बाद जिन पदाधिकारियों पर आरोप लगे थे, उनसे स्पष्टीकरण की मांग की गई और बिंदुवार जांच रिपोर्ट डीएम को सौंप दी गई. उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के लिए पत्राचार भी किया गया है.
आरोपों को बताया निराधार
इधर उत्पाद इंस्पेक्टर मुकेश कुमार ने कहा है कि पदाधिकारियों पर पैसा वसूली के लगे सभी आरोप पूरी तरह बेबुनियाद और निराधार हैं.
इसे भी पढ़ें: जहानाबाद के मखदुमपुर में डकैती: हथियार के बल पर परिवार को बनाया बंधक, गहने और नकदी लेकर फरार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Nikhil Anurag
मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर पलायन कर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










