जहानाबाद में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारी शुरू, गांधी मैदान में परेड का पूर्वाभ्यास
परेड का निरीक्षण करते एसपी | Prabhat Khabar Network
जहानाबाद में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। गांधी मैदान में परेड का पूर्वाभ्यास और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी जारी है।
jehanabad News : जहानाबाद में राष्ट्रीय प्रेम का प्रतीक स्वतंत्रता दिवस समारोह जिले में इस वर्ष भी धूमधाम और गरिमापूर्ण तरीके से मनाया जाएगा. मुख्य समारोह हर वर्ष की तरह इस बार भी गांधी मैदान में आयोजित होगा. समारोह में जिले के प्रभारी मंत्री द्वारा झंडोत्तोलन किए जाने की संभावना है. स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं.
गांधी मैदान में जवानों ने किया परेड का पूर्वाभ्यास
स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित होने वाले परेड की तैयारी भी शुरू हो गई है. मंगलवार को गांधी मैदान में जवानों ने परेड का पूर्वाभ्यास किया. पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने परेड के पूर्वाभ्यास का निरीक्षण किया. उन्होंने परेड में अनुशासन, समन्वय और प्रस्तुति का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों और पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. एसपी ने समारोह को गरिमापूर्ण, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा. इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी और पुलिस बल के जवान मौजूद रहे.
स्कूलों में सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारी
इधर, जिले के सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां शुरू हो गई हैं. समारोह को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए छात्र-छात्राएं अभी से तैयारी में जुट गए हैं. विभिन्न विद्यालयों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का पूर्वाभ्यास भी शुरू हो गया है. स्वतंत्रता दिवस समारोह की शुरुआत सुबह प्रभात फेरी से होगी. इसके लिए संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं.
महादलित टोले में भी होगा झंडोत्तोलन
गांधी मैदान में आयोजित मुख्य समारोह के अलावा जिले के सभी सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और महादलित टोलों में भी झंडोत्तोलन किया जाएगा. वहीं, नगर भवन में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. समारोह को लेकर प्रशासन की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










