हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने में जुटा जिला प्रशासन, 9 से 17 अगस्त तक होंगे कार्यक्रम
हर घर तिरंगा अभियान में शामिल डीएम | Prabhat Khabar Network
जहानाबाद में हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए डीएम और एसपी ने विभिन्न संगठनों के साथ बैठक कर जन-भागीदारी की अपील की।
jehanabad News : जहानाबाद नगर भवन में जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया एवं पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में 9 से 17 अगस्त तक आयोजित होने वाले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर संवादात्मक बैठक हुई. बैठक में नागरिक समाज, मीडिया प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, शिक्षाविदों एवं प्रबुद्ध नागरिकों के साथ अभियान की सफलता और व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा की गयी.
राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए लोगों को प्रेरित करें
जिला पदाधिकारी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्र के प्रति सम्मान, एकता और नागरिक कर्तव्य की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्यक्रम है. उन्होंने उपस्थित प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने स्तर से अधिकाधिक लोगों को अभियान से जोड़ें और प्रत्येक घर, संस्थान एवं प्रतिष्ठान पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए लोगों को प्रेरित करें.
तिरंगा यात्रा से लेकर सांस्कृतिक कार्यक्रम तक
जिला प्रशासन की ओर से अभियान के दौरान तिरंगा यात्रा, बाइक एवं साइकिल रैली, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विभिन्न प्रतियोगिताएं, रंगोली, प्रदर्शनी, ‘सेल्फी विद तिरंगा’, त्रिवर्णीय रोशनी और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे. इसके अलावा ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर इसके गौरवपूर्ण इतिहास से जुड़ी विशेष गतिविधियां भी आयोजित होंगी.
जिला पदाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा जहानाबाद की ऐतिहासिक बराबर गुफाओं से अभियान का शुभारंभ कर पूरे जिले में राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया गया है. इसी जज्बे को आगे बढ़ाते हुए लोगों से हर घर तिरंगा अभियान के सभी कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की गयी.
गांव-गांव तक पहुंचाने पर जोर
पुलिस अधीक्षक ने भी अभियान के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में नागरिकों से राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की. संवाद के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों और नागरिक समाज के सदस्यों ने अभियान को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने के लिए कई सुझाव दिये.
व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार करें
युवाओं, स्वयंसेवी संगठनों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, जीविका दीदियों एवं सामाजिक संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया. जिला पदाधिकारी ने मीडिया प्रतिनिधियों एवं सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का विशेष अनुरोध किया.
संकल्प के साथ जिले की अभियान में पहचान बनाएं
जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी सुझावों का स्वागत करते हुए उन्हें अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन में शामिल करने का आश्वासन दिया. जिला पदाधिकारी ने जिलेवासियों से आह्वान किया कि 9 से 17 अगस्त तक अपने-अपने घरों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराएं और ‘हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा’ के संकल्प के साथ जहानाबाद की अभियान में विशेष पहचान बनाएं.
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में जनप्रतिनिधिगण, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता विभागीय जांच, अनुमंडल पदाधिकारी, निदेशक डीआरडीए, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि, नागरिक समाज के सदस्य, शिक्षाविद, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










