जहानाबाद: गंभीर कांडों के निष्पादन और गश्त बढ़ाने के निर्देश, मासिक अपराध गोष्ठी में एसपी ने दी हिदायतें
मासिक अपराध गोष्ठी करते जहानाबाद एसपी कोटा किरण | Prabhat Khabar Network
जहानाबाद में अपराध और विधि-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई. पुलिस अधीक्षक ने हत्या, लूट जैसे गंभीर मामलों में त्वरित चार्जशीट दाखिल करने और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया.
jehanabad News : जहानाबाद में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस अधीक्षक कोटा किरण की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित 'ग्राम प्लेक्स' भवन में जिले की मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई. बैठक में सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, अंचल निरीक्षक, थानाध्यक्ष एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.
गंभीर मामलों की समीक्षा, त्वरित चार्जशीट का निर्देश
बैठक में एसपी ने हत्या, लूट, डकैती, अपहरण और महिला संबंधी अपराधों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट कहा कि ऐसे मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. अनुसंधानकर्ताओं को साक्ष्य संकलन और समय पर चार्जशीट दाखिल करने में तेजी लाने का निर्देश दिया गया, ताकि पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके.
फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान
एसपी ने लंबित वारंट, कुर्की और जब्ती के मामलों की समीक्षा करते हुए फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया. साथ ही न्यायालय से प्राप्त आदेशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने और सभी थानाध्यक्षों को वारंट निष्पादन की साप्ताहिक रिपोर्ट देने को कहा.
रात्रि गश्ती और 'रोको-टोको अभियान' होगा तेज
विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने और रात्रि मोबाइल पेट्रोलिंग को अधिक सक्रिय करने के निर्देश दिए गए. एसपी ने 'रोको-टोको अभियान' को प्रभावी ढंग से चलाने पर जोर देते हुए संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच करने तथा प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की सतत मौजूदगी सुनिश्चित करने को कहा.
कम्युनिटी पुलिसिंग पर दिया जोर
बैठक में कम्युनिटी पुलिसिंग को मजबूत बनाने पर भी चर्चा हुई. एसपी ने कहा कि अपराध नियंत्रण में आमजन की भागीदारी महत्वपूर्ण है. इसके लिए जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के साथ नियमित संवाद करने तथा सूचना तंत्र को मजबूत करने के निर्देश दिए. साथ ही असामाजिक तत्वों और अपराधियों के सहयोगियों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा.
टीम भावना से अपराध मुक्त जिला बनाने का आह्वान
बैठक के अंत में एसपी कोटा किरण ने सभी पुलिस पदाधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने और जिले को अपराध मुक्त बनाने के संकल्प के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










