जहानाबाद में ई-रिक्शा और ऑटो की टक्कर, 62 वर्षीय बुजुर्ग मछुआरे की मौत

Updated:
विज्ञापन

सड़क दुर्घटना में हुई मौत के बाद पोस्टमार्टम रूम के समीप लोगों की भीड़

जहानाबाद के हुलासगंज थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. ई-रिक्शा और ऑटो की टक्कर में 62 वर्षीय बुजुर्ग मछुआरे की मौत हो गई, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया.

विज्ञापन

Jehanabad Road Accident: जिले के हुलासगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत खुदौरी-मलहचक मार्ग पर हुए सड़क हादसे में 62 वर्षीय बुजुर्ग मछुआरे की मौत हो गई. मृतक की पहचान बौरी मलहचक गांव निवासी बृजनंदन केवट के रूप में हुई है. घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम का माहौल है.

मछली बेचकर ऑटो से लौट रहे थे घर

जानकारी के अनुसार, बृजनंदन केवट मछली पकड़कर बेचने का काम करते थे. घटना के दिन वे नदी से मछली पकड़कर कुड़वा बाजार गए थे. मछली बेचने के बाद वे ऑटो से अपने घर लौट रहे थे. जैसे ही ऑटो हुलासगंज पार कर खुदौरी और मलहचक गांव के समीप पहुंचा, तभी सामने से आ रहे एक ई-रिक्शा और ऑटो के बीच भीषण टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो में बैठे बृजनंदन केवट के पैर बुरी तरह कुचल गए और वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए.

जहानाबाद सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत

दुर्घटना की खबर मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों ने डायल 112 को सूचना दी. परिजनों की सहायता से घायल बृजनंदन केवट को तत्काल हुलासगंज ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जहानाबाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया. सदर अस्पताल में इलाज के दौरान ही बृजनंदन केवट की मौत हो गई.

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.


विज्ञापन
Ashok Jehanabad

लेखक के बारे में

By Ashok Jehanabad

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन