जहानाबाद में संदिग्ध परिस्थिति में युवक की मौत, परिजनों ने पीट-पीटकर हत्या का लगाया आरोप

Updated:
विज्ञापन

मृतक के परिजनों से पूछताछ करती पुलिस

जहानाबाद में 22 वर्षीय युवक जावेद की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. परिजनों का आरोप है कि मोबाइल चोरी के बहाने कुछ लोगों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी जान चली गई. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.

विज्ञापन

Jehanabad Suspicious Death: नगर थाना क्षेत्र के शेख आलम चक के रहने वाले 22 वर्षीय युवक जावेद की संदिग्ध परिस्थिति में मौत का मामला सामने आया है. मृतक रविवार दोपहर से ही घर से लापता था. परिजनों द्वारा खोजबीन के क्रम में देर रात मारवाड़ी धर्मशाला के समीप एक निजी नर्सिंग होम के पास कचरे के ढेर से युवक को अचेत अवस्था में पाया गया. घटना की सूचना मिलते ही नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मृत युवक को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाया, जहां चिकित्सक द्वारा पोस्टमार्टम किया गया.

मां ने पीट-पीटकर हत्या करने का लगाया आरोप

मृतक की मां नजमा खातून पुत्र को पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगा रही थीं. परिजनों का आरोप था कि रविवार को फिदा हुसैन रोड में एक चिकित्सक के यहां रहने वाले कंपाउंडर समेत चार की संख्या में महिला-पुरुष आए थे, जो पुत्र पर मोबाइल चोरी करने का आरोप लगा रहे थे. साथ ही पुत्र को मौत के घाट उतारने की धमकी दी थी. इसके बाद जब पुत्र देर रात तक घर नहीं लौटा तो अनहोनी की आशंका के बीच खोजबीन करने के लिए घर से निकले. देर रात जावेद मारवाड़ी धर्मशाला के समीप कचरे के ढेर से अचेत अवस्था में मिला.

मृतक की मां ने बताया है कि बेटा नशा करता था, जिससे लगा कि वह नशे में अचेत पड़ा है. इसके बाद उसे रिक्शा से घर ले गए, लेकिन घंटे-दो घंटे बाद जब वह नहीं उठा तो अनहोनी की आशंका के बीच उसकी खबर ली गई. तब पाया कि वह मृत अवस्था में है. इसके बाद रोने-बिलखने की आवाज सुनकर आसपास के लोग जुटे तो मुहल्लेवासियों को मामले की जानकारी हुई. इसके बाद स्थानीय थाने की पुलिस को सूचित किया गया.

परिजनों ने पीट-पीटकर हत्या करने का लगाया आरोप

मृतक की मां ने बताया है कि फिदा हुसैन रोड स्थित हड्डी रोग के डॉक्टर के यहां काम करने वाले कंपाउंडर एवं उनके शागिर्दों ने पुत्र पर मोबाइल चोरी का आरोप लगाया था. उन्हीं लोगों पर परिजनों ने पुत्र को बेरहमी से मारपीट कर मौत के घाट उतारने का आरोप लगाया है. परिजन का कहना था कि पुत्र के मुंह एवं कान से खून के रिसाव के निशान पाए गए हैं. हालांकि तमाम आरोप पुलिसिया जांच एवं पोस्टमार्टम जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि युवक की मौत कैसे हुई.

फोरेंसिक जांच टीम ने मौके से नमूने जुटाए

युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत के मामले में पुलिस ने फोरेंसिक जांच टीम को मौके पर बुलाया. टीम ने मामले की छानबीन की. फोरेंसिक जांच टीम ने कचरे के ढेर, युवक के घर समेत संभावित सभी जगहों पर तकनीकी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए जांच-पड़ताल की और नमूने एकत्रित किए हैं. इधर, युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत के मामले में डॉक्टर ने उसका पोस्टमार्टम भी किया है. फोरेंसिक जांच टीम एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के मामले से पर्दा उठ पाएगा कि उसकी हत्या हुई या मौत के पीछे कोई और वजह है.

पूर्व में भी जा चुका है जेल

बताया जाता है कि जिस युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत की बात कही जा रही है, वह नशेड़ी प्रवृत्ति का था और पूर्व में दो बार चोरी के आरोप में जेल भी जा चुका है. पुलिस का मानना है कि मृतक का आपराधिक इतिहास रहा है. फिलहाल तमाम बिंदुओं पर गौर कर मामले की जांच की जा रही है.

प्रभारी थानाध्यक्ष श्याम पांडेय ने बताया है कि परिजन हत्या के आरोप लगा रहे हैं. युवक की मौत के मामले में घटनास्थल पर फोरेंसिक जांच टीम को बुलाया गया है. पुलिस तमाम बिंदुओं पर गौर कर जांच-पड़ताल कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मामले का पता चल पाएगा..


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन