जहानाबाद के एसएस कॉलेज में इंटर्नशिप शुल्क के विरोध में ABVP का प्रदर्शन, 499 रुपये से रजिस्ट्रेशन शुरू करने का आरोप

Updated:
विज्ञापन

विरोध प्रदर्शन करते विद्यार्थी परिषद के सदस्य

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने जहानाबाद के एसएस कॉलेज में छात्रों से इंटर्नशिप के नाम पर शुल्क लिए जाने का विरोध किया है. कॉलेज प्रशासन से इस प्रक्रिया को तत्काल बंद करने की मांग की गई है.

विज्ञापन

Jehanabad ABVP Protest: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से एसएस कॉलेज परिसर में छात्रों से इंटर्नशिप के नाम पर शुल्क लिए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया गया. विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय परिसर के विभिन्न स्थानों पर लगाए गए निजी कंपनियों के स्कैनर और रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया का विरोध करते हुए इसे तत्काल बंद करने की मांग की. परिषद का आरोप है कि इंटर्नशिप के लिए छात्रों से रजिस्ट्रेशन के नाम पर 499 रुपये से शुल्क की शुरुआत की जा रही है, जबकि छात्रों के लिए इंटर्नशिप की प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क होनी चाहिए.

शुल्क आधारित इंटर्नशिप प्रक्रिया रोकने की मांग

विद्यार्थी परिषद ने कहा कि छात्रों से इंटर्नशिप के नाम पर किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाना चाहिए. इंटर्नशिप का उद्देश्य छात्रों को व्यावहारिक ज्ञान, कार्य अनुभव और भविष्य के रोजगार के लिए आवश्यक कौशल उपलब्ध कराना है, न कि उन पर आर्थिक बोझ डालना. परिषद ने महाविद्यालय प्रशासन से निजी कंपनियों के माध्यम से शुल्क आधारित इंटर्नशिप प्रक्रिया को तत्काल रोकने तथा छात्रों के लिए गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क इंटर्नशिप की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की.

नगर मंत्री ने कहा- शुल्क वसूली का होगा विरोध

प्रदर्शन का नेतृत्व नगर मंत्री शिवम पासवान ने किया. उन्होंने कहा कि कॉलेज परिसर में छात्रों को इंटर्नशिप उपलब्ध कराने के नाम पर किसी प्रकार की शुल्क वसूली की जाती है तो विद्यार्थी परिषद इसका पुरजोर विरोध करेगी. उन्होंने कहा कि महाविद्यालय प्रशासन को छात्रों के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ऐसी व्यवस्था करनी चाहिए, जिससे प्रत्येक छात्र बिना किसी आर्थिक बाधा के इंटर्नशिप प्राप्त कर सके.

विश्वविद्यालय के निर्देशों का हवाला

जिला संयोजक नारायण जी ने कहा कि विश्वविद्यालय की ओर से स्पष्ट रूप से कहा गया है कि इंटर्नशिप के नाम पर छात्रों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाना चाहिए. इसके बावजूद यदि महाविद्यालय परिसर में निजी कंपनियों के माध्यम से छात्रों से शुल्क लेने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है तो यह छात्रों के हितों के साथ खिलवाड़ है. उन्होंने विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय प्रशासन से मामले में तत्काल संज्ञान लेकर शुल्क वसूली की प्रक्रिया बंद करने की मांग की.

सरकारी और प्रतिष्ठित संस्थानों में इंटर्नशिप की मांग

छात्र नेता गोपाल शर्मा एवं सुरजीत कुमार ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद छात्र हितों के लिए लगातार संघर्ष करने वाला संगठन है. छात्रों की समस्याओं और उनके अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि महाविद्यालय प्रशासन को निजी कंपनियों के बजाय सरकारी एवं प्रतिष्ठित संस्थानों तथा कंपनियों को आमंत्रित कर छात्रों के लिए निःशुल्क इंटर्नशिप के अवसर उपलब्ध कराने चाहिए, ताकि छात्रों को वास्तविक कार्य अनुभव के साथ-साथ उनके करियर में भी लाभ मिल सके.

मांगें नहीं मानी तो आंदोलन की चेतावनी

विद्यार्थी परिषद ने महाविद्यालय प्रशासन से इंटर्नशिप की पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने, छात्रों से किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लेने तथा उन्हें बेहतर संस्थानों में निःशुल्क इंटर्नशिप उपलब्ध कराने की मांग की. परिषद ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों से शुल्क वसूली की प्रक्रिया बंद नहीं की गई तो छात्रहित में आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा. इस अवसर पर कॉलेज मंत्री सोनू कुमार, नगर सह मंत्री राहुल नारायण सहित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के अन्य कार्यकर्ता एवं छात्र उपस्थित थे.

इसे भी पढ़ें:  पटना, आरा से लेकर मधुबनी तक, बिहार के इन शहरों को मिलने जा रहा नया बाइपास

छपरा, सारण और सीवान के 4 कॉलेजों की मान्यता रद्द, जानिए कैसे और कहां ट्रांसफर होंगे पढ़ाई कर रहे छात्र


विज्ञापन
Mritunjay Jehanabad

लेखक के बारे में

By Mritunjay Jehanabad

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन