पटना, आरा से लेकर मधुबनी तक, बिहार के इन शहरों को मिलने जा रहा नया बाइपास
बिहार के कई शहरों में बनेंगे बाइपास
Bihar New Bypass: बिहार में सड़क यातायात को बेहतर बनाने के लिए कई शहरों में नए बाइपास बनाए जा रहे हैं. केंद्र सरकार के साथ पथ निर्माण विभाग भी इन परियोजनाओं पर काम करेगा. अरवल, जमुई, पश्चिम चंपारण समेत कई जिलों में बाइपास बनेंगे. इससे लोगों को जाम से राहत मिलेगी और सफर आसान होगा.
Bihar New Bypass: बिहार के लोगों को जल्द ही सड़कों पर लगने वाले लंबे जाम से मुक्ति मिलने वाली है. केंद्र सरकार का सड़क परिवहन मंत्रालय और बिहार का पथ निर्माण विभाग मिलकर राज्य में एक दर्जन से ज्यादा जगहों पर नए बाइपास का निर्माण करा रहे हैं. केंद्र सरकार ने कई नई जगहों पर बाइपास बनाने के प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी है.
इसके अलावा, राज्य सरकार ने नाबार्ड के साथ एक लोन समझौते पर दस्तखत किए हैं. इस पैसे का इस्तेमाल राज्य भर में बड़े पैमाने पर बाइपास बनाने के लिए किया जाएगा. ये सभी प्रोजेक्ट्स पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा के दौरान किए गए वादों का हिस्सा हैं.
केंद्र सरकार के बजट से इन इलाकों में बनेंगे नए बाइपास
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने अरवल जिले में एनएच-139 पर नौबतपुर से हरिहरगंज के बीच 12 किलोमीटर लंबा फोरलेन का बाइपास बनाने की मंजूरी दे दी है. इसके साथ ही जमुई जिले के झाझा में मांगोबंदर, केंदुआ, टोलसोना, नरगंजो और पश्चिम चंपारण के भैरोगंज में भी नए बाइपास बनाने को हरी झंडी मिल चुकी है. इन जगहों पर काम शुरू होने से आसपास के लोगों की आवाजाही काफी आसान हो जाएगी.
इन शहरों में तेजी से चल रहा है बाइपास का काम
बिहार के कई नेशनल हाईवे पर पहले से ही बाइपास बनाने का काम चल रहा है. इसमें छपरा-रिविलगंज, आरा, बक्सर-चौसा और शेखपुरा बाइपास शामिल हैं. इसके अलावा जमुई, खैरा, कटोरिया, बांका, पंजवारा, लखपुरा, रानीगंज, औरंगाबाद, दाउदनगर, पूर्णिया, मधुबनी, बेनीपट्टी और उच्चैठ में भी बाइपास का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
राज्य सरकार और नाबार्ड के फंड से यहां आसान होगी राह
पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी प्रगति यात्रा के दौरान जिन बाइपासों को बनाने का वादा किया था, अब उन्हें नाबार्ड से मिलने वाले कर्ज के जरिए पूरा किया जा रहा है. आरा के पीरो में लोगों को जाम से निजात दिलाने के लिए बाइपास बनेगा.
पटना के पास बिहटा और मनेर में भी सड़क तैयार की जाएगी. इसके अलावा मधुबनी-जयनगर, गोपालगंज-मीरगंज, फारबिसगंज-अररिया, किशनगंज, सुपौल-त्रिवेणीगंज, नवादा-हिसुआ और सीतामढ़ी-शिवहर में पथ निर्माण विभाग खुद बाइपास बनवाएगा.
इसे भी पढ़ें: सम्राट चौधरी का ऐलान- 51600 करोड़ निवेश होगा, बिहार बनेगा देश का नया स्टील हब, हजारों लोगों को मिलेगा रोजगार
बिहार में सड़कों और पुलों का बिछेगा जाल, नाबार्ड देगा 21000 करोड़ का फंड
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By परितोष शाही
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










