मजदूरों को उनके अधिकारों के प्रति किया जागरूक

Published by : PANKAJ KUMAR SINGH Updated At : 08 May 2026 6:37 PM

विज्ञापन

चकाई बाजार से सटे पंचमुखी चौक पर शुक्रवार को बीड़ी मजदूरों की बैठक हुई. बैठक में बड़ी संख्या में बीड़ी मजदूर शामिल हुए

विज्ञापन

चकाई. चकाई बाजार से सटे पंचमुखी चौक पर शुक्रवार को बीड़ी मजदूरों की बैठक हुई. बैठक में बड़ी संख्या में बीड़ी मजदूर शामिल हुए. प्रोजेक्टर के माध्यम से मजदूरों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया. कार्यक्रम के दौरान अलग-अलग राज्यों में बीड़ी मजदूरों द्वारा किये गये आंदोलनों का वीडियो क्लिप दिखाया गया. मजदूरों को बताया गया कि संघर्ष से ही अधिकार हासिल होता है. इतिहास गवाह है कि एकजुट होकर लड़ने से ही मजदूरों को उनका हक मिला है. बैठक में मजदूरों ने अपनी समस्याएं खुलकर रखीं. मजदूरी कम होने, पीएफ-ईएसआई जैसी सुविधाओं की कमी और ठेकेदारों के शोषण पर चर्चा हुई. मजदूरों ने कहा कि महंगाई बढ़ रही है, लेकिन बीड़ी की मजदूरी सालों से नहीं बढ़ी. इससे घर चलाना मुश्किल हो गया. संघ के प्रखंड अध्यक्ष विश्वनाथ पाडे ने कहा कि अब चकाई और जमुई की धरती पर भी आंदोलन की जरूरत है. उन्होंने मजदूरों से एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की.उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिना संघर्ष के मजदूरी बढ़ना संभव नहीं है.अपने हक के लिए सड़क पर उतरना होगा. बैठक में मजदूर एकता पर विशेष जोर दिया गया. विवेक शर्मा और शुभम कुमार ने कहा कि जब तक मजदूर बिखरे रहेंगे, शोषण होता रहेगा. संगठित होकर ही मालिकों और सरकार तक अपनी बात पहुंचाई जा सकती है. मजदूरों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मजदूरों को संगठित और जागरूक बनाना था. अंत में सभी बीड़ी मजदूरों ने हाथ उठाकर एकजुट होकर आंदोलन को मजबूत करने का संकल्प लिया. मजदूरों ने तय किया कि जल्द ही अपनी मांगों को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जायेगा. गौरतलब है कि चकाई प्रखंड में हजारों परिवार बीड़ी बनाने के काम से जुड़े हैं. कम मजदूरी के कारण मजदूरों में लंबे समय से आक्रोश है.

विज्ञापन
PANKAJ KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन