बिच्छू के काटने से किशोर की मौत, परिजनों ने निजी अस्पताल पर लगाया लापरवाही और अवैध वसूली का आरोप

Published by : Divyanshu Prashant Updated At : 10 May 2026 3:27 PM

विज्ञापन

निजी अस्पताल, सूर्यनारायण हॉस्पिटल

जमुई के एक निजी अस्पताल में बिच्छू के काटने से भर्ती 13 वर्षीय किशोर की मौत के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही और मोटी रकम वसूलने का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया. आक्रोशित ग्रामीणों ने माहिसौढ़ी चौक को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच और कार्रवाई का आश्वासन देकर स्थिति को संभाला.

विज्ञापन

जमुई: शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान 13 वर्षीय किशोर की मौत के बाद रविवार को जमकर हंगामा हुआ. परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही और इलाज के नाम पर अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगाते हुए माहिसौढ़ी चौक को जाम कर दिया. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल व्याप्त हो गया, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शांत कराया.

देर रात बिच्छू ने काटा, निजी अस्पताल में कराया गया भर्ती

जानकारी के अनुसार, टाउन थाना क्षेत्र के नर्मदा गांव निवासी विजय रजक के 13 वर्षीय पुत्र कन्हैया कुमार को शनिवार की देर रात करीब 2 बजे एक जहरीले बिच्छू ने काट लिया था. आनन-फानन में परिजन उसे लेकर जमुई शहर स्थित ‘सूर्यनारायण हॉस्पिटल’ पहुंचे. परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में भर्ती करने के बाद इलाज की प्रक्रिया शुरू तो की गई, लेकिन बच्चे की स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई और अंततः उसकी मौत हो गई.

लाखों की मांग और मौत छिपाने का आरोप

मृतक के पिता विजय रजक और चाचा अजय यादव ने अस्पताल प्रशासन पर संगीन आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि डॉक्टरों ने इलाज के लिए तीन से चार लाख रुपये खर्च होने की बात कही थी और परिजनों से मोटी रकम जमा भी करवा ली गई. परिजनों ने दावा किया कि बच्चे की मौत रात में ही हो गई थी, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने पैसे ऐंठने के चक्कर में इस बात को छिपाए रखा और सुबह होने पर मौत की जानकारी दी.

सड़क जाम कर जताया विरोध, पुलिस जांच में जुटी

अस्पताल की कार्यशैली से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने सुबह माहिसौढ़ी चौक पर बैरिकेड लगाकर सड़क जाम कर दिया और जमकर नारेबाजी की. जाम के कारण यातायात पूरी तरह बाधित हो गया. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचा और आक्रोशित लोगों को उचित जांच व कार्रवाई का भरोसा देकर जाम हटवाया. पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और परिजनों के बयान के आधार पर मामले की गहन तफ्तीश शुरू कर दी है. किशोर की असमय मौत से पूरे नर्मदा गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.

विज्ञापन
Divyanshu Prashant

लेखक के बारे में

By Divyanshu Prashant

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में Prabhat Khabar डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा से पत्रकारिता में परास्नातक तथा टी. एन. बी. कॉलेज भागलपुर से हिंदी साहित्य में स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। हिंदी साहित्य की पृष्ठभूमि होने के कारण उन्हें पढ़ने, लेखन और कविता-सृजन में विशेष रुचि है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे Dainik Jagran में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन