योगी मंत्रिमंडल का विस्तार: 6 नये मंत्रियों ने ली शपथ, दो राज्य मंत्रियों को स्वतंत्र प्रभार

Published by :ArbindKumar Mishra
Published at :10 May 2026 4:25 PM (IST)
विज्ञापन
Cabinet Expansion

यूपी में योगी मंत्रिमंडल का विस्तार, फोटो एक्स

Yogi Adityanath Cabinet Expansion: उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को दूसरे मंत्रिमंडल का विस्तार किया. जिसके तहत 6 नये मंत्रियों को शपथ दिलायी गयी. साथ ही दो राज्य मंत्रियों को स्वतंत्र प्रभार दिए गए.

विज्ञापन

Yogi Adityanath, Cabinet Expansion: राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने ‘लोक भवन’ में आयोजित समारोह में सभी मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी. इनमें समाजवादी पार्टी (सपा) से बगावत करने वाले विधायक मनोज पांडेय और बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी भी शामिल हैं. दोनों को ही कैबिनेट मंत्री पद की शपथ दिलायी गयी है. इसके अलावा हंसराज विश्वकर्मा, कैलाश राजपूत, कृष्णा पासवान और सुरेंद्र दिलेर को राज्य मंत्री पद की शपथ दिलायी गयी.

अजीत सिंह पाल और सोमेंद्र तोमर को स्वतंत्र प्रभार

इसके अलावा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री अजीत सिंह पाल और ऊर्जा राज्य मंत्री सोमेंद्र तोमर को स्वतंत्र प्रभार के राज्य मंत्री पद की शपथ दिलायी गयी.

योगी मंत्रिमंडल विस्तार में हर वर्ग को दिया गया स्थान

योगी सरकार में मंत्री बनने वाले नये लोगों में मनोज पांडेय ब्राह्मण, भूपेंद्र चौधरी, हंसराज विश्वकर्मा और कैलाश राजपूत अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) तथा कृष्णा पासवान और सुरेंद्र दिलेर दलित वर्ग से ताल्लुक रखते हैं.

उत्तर प्रदेश में मंत्रियों की संख्या बढ़कर 60 हुई

यूपी विधानसभा चुनाव से करीब 8 माह पहले किये गये इस मंत्रिमंडल विस्तार से पहले प्रदेश सरकार में कुल 54 मंत्री थे, जिनकी संख्या बढ़कर अब 60 हो गयी है. मंत्रिमंडल का पहला विस्तार पिछले लोकसभा चुनाव से पहले पांच मार्च 2024 को हुआ था. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार की शाम राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात करके मंत्रिमंडल विस्तार पर चर्चा की थी.

कौन हैं भूपेंद्र चौधरी?

भूपेंद्र चौधरी ने राम मंदिर आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई थी. मुरादाबाद के रहने वाले भूपेंद्र चौधरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रमुख जाट नेताओं में गिना जाता है. चौधरी इससे पहले वर्ष 2017 से 2019 तक पंचायती राज राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और बाद में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं. हालांकि, प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने के बाद उन्होंने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था. आरएसएस और बीजेपी में लंबे समय तक सक्रिय रहे चौधरी ने वर्ष 1999 में संभल लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के खिलाफ चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था. चौधरी 2016 में पहली बार विधान परिषद सदस्य बने थे और वर्तमान में भी वह उच्च सदन के सदस्य हैं. 2017 में प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद उन्हें पंचायती राज राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया था. बाद में वर्ष 2019 में उन्हें इसी विभाग का कैबिनेट मंत्री नियुक्त किया गया.

मंत्रिमंडल विस्तार पर क्या बोले मंत्री दया शंकर सिंह?

राज्य सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार पर उत्तर प्रदेश के मंत्री दया शंकर सिंह ने कहा, मंत्रिपरिषद में 6 पद रिक्त थे. उन्हें भरा जा रहा है. यह व्यवस्था सभी क्षेत्रों और सामाजिक समूहों के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए की गई है. मंत्री पद की शपथ लेने वालों को बधाई.

मंत्रिमंडल विस्तार पर बोले पंकज चौधरी- यह बहुत खुशी की बात है

मंत्रिमंडल विस्तार पर केंद्रीय मंत्री और उत्तर प्रदेश BJP अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा, यह बहुत खुशी की बात है कि जो चीजें लंबे समय से रुकी हुई थीं, अब उन पर फैसला लिया गया.

मंत्रिमंडल विस्तार पर बोले मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, यह मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है

मंत्रिमंडल विस्तार पर उत्तर प्रदेश के मंत्री सुरेश कुमार खन्ना कहते हैं, यह मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है. डबल-इंजन सरकार राज्य में सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करने के लिए हर स्तर पर प्रयास कर रही है.

मंत्रिमंडल के विस्तार पर बोले मंत्री संजय निषाद, यह एक संवैधानिक प्रक्रिया है

राज्य मंत्रिमंडल के विस्तार पर उत्तर प्रदेश के मंत्री संजय निषाद ने कहा, यह एक संवैधानिक प्रक्रिया है; अभी हमने बंगाल में इतिहास रचा है. हम चाहते हैं कि 2027 में उत्तर प्रदेश में भी फिर से इतिहास रचा जाए. BJP का काम सभी को सम्मान देना और सभी को साथ लेकर चलना है. यह प्रक्रिया समय-समय पर चलती रहती है. समाजवादी पार्टी एक डूबता हुआ जहाज है.

विज्ञापन
ArbindKumar Mishra

लेखक के बारे में

By ArbindKumar Mishra

मुख्यधारा की पत्रकारिता में 14 वर्षों से ज्यादा का अनुभव. खेल जगत में मेरी रुचि है. वैसे, मैं राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खबरों पर काम करता हूं. झारखंड की संस्कृति में भी मेरी गहरी रुचि है. मैं पिछले 14 वर्षों से प्रभातखबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इस दौरान मुझे डिजिटल मीडिया में काम करने का काफी अनुभव प्राप्त हुआ है. फिलहाल मैं बतौर शिफ्ट इंचार्ज कार्यरत हूं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola