शहीद एल. रंजन सिंह के 29वें स्मरणोत्सव पर दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि, एसएसबी परिसर में आयोजित हुई परेड
एसएसबी परिसर में आयोजित स्मरण परेड
जमुई के पकरी स्थित 16वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल मुख्यालय में शहीद नायक एल. रंजन सिंह के 29वें स्मरणोत्सव पर भव्य परेड का आयोजन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई. वर्ष 1997 में मणिपुर में ड्यूटी के दौरान वीरगति प्राप्त करने वाले शहीद के अदम्य साहस को नमन करते हुए कमांडेंट अनिल कुमार पठानिया ने उनके बलिदान को राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत बताया.
जमुई: जिले के खैरा प्रखंड अंतर्गत पकरी स्थित 16वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) मुख्यालय में वीर शहीद नायक/जीडी एल. रंजन सिंह का 29वां स्मरणोत्सव दिवस अत्यंत सम्मान और गर्व के साथ मनाया गया. इस अवसर पर वाहिनी मुख्यालय में भव्य स्मरण परेड का आयोजन किया गया, जिसमें एसएसबी के अधिकारियों और जवानों ने शहीद की शहादत को नमन किया.
दो मिनट का मौन और अदम्य साहस को सलाम
समारोह के दौरान अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों और जवानों ने शहीद एल. रंजन सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. राष्ट्र के प्रति उनके अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया. पूरा परिसर ‘भारत माता की जय’ और देशभक्ति की भावनाओं से ओतप्रोत नजर आया. जवानों ने शहीद की पावन स्मृति में सलामी दी और उनके दिखाए गए कर्तव्यनिष्ठा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया.
1997 में मणिपुर ड्यूटी के दौरान हुए थे शहीद
एसएसबी के अधिकारियों ने शहीद के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 09 मई 1997 को मणिपुर और नागालैंड के डिविजनल मुख्यालय में ड्यूटी के दौरान अज्ञात हमलावरों ने एल. रंजन सिंह पर कायरतापूर्ण हमला कर दिया था. इस हमले में उन्होंने बहादुरी से मुकाबला करते हुए वीरगति प्राप्त की थी. उनके इस सर्वोच्च बलिदान को राष्ट्र हमेशा याद रखेगा.
शहीद का बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा: कमांडेंट
इस विशेष अवसर पर 16वीं वाहिनी के कमांडेंट अनिल कुमार पठानिया ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि शहीद एल. रंजन सिंह ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए प्राणों की आहुति दी थी. उनका यह बलिदान न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे राष्ट्र के लिए एक अपूरणीय क्षति है. उन्होंने जोर देकर कहा कि राष्ट्र सेवा से बढ़कर कोई धर्म नहीं होता और शहीद का साहस व समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा. कार्यक्रम का समापन शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित करने और देश की अखंडता की रक्षा के संकल्प के साथ हुआ.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By दिव्यांशु प्रशांत
दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे दैनिक जागरण में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने टी. एन. बी. कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातक किया है, जिसके कारण साहित्य, पठन-पाठन, लेखन और कविता-सृजन में उनकी विशेष रुचि है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










