हाइवा की चपेट में आने से छात्र की मौत, तीन घंटे सड़क जाम

चकाई थाना क्षेत्र अंतर्गत चकाई-कियाजोरी मार्ग पर पेटार पहाड़ी गांव के समीप शनिवार को हाइवा की चपेट में आ जाने से एक किशोर की दर्दनाक मौत घटनास्थल पर ही हो गयी.
चंद्रमंडीह. चकाई थाना क्षेत्र अंतर्गत चकाई-कियाजोरी मार्ग पर पेटार पहाड़ी गांव के समीप शनिवार को हाइवा की चपेट में आ जाने से एक किशोर की दर्दनाक मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. मृतक 13 वर्षीय नीतीश कुमार, पिता पेरू पासवान थाना क्षेत्र के बालागोजी गांव का निवासी था. वह सेक्रेड हार्ट हाई स्कूल में वर्ग छह का छात्र था. मिली जानकारी के अनुसार, विद्यालय में छुट्टी होने के बाद रोज की तरह वह साइकिल से वापस घर लौट रहा था. इसी बीच पेटार पहाड़ी गांव के समीप विपरीत दिशा से आ रही हाइवा उसे रौंदते हुए निकल गया. इधर, घटना के बाद ग्रामीणों ने हाइवा का पीछा किया. इसके बाद हाइवा चालक संत जोसेफ स्कूल के समीप गाड़ी को छोड़कर फरार हो गया. हाइवा इथेनॉल फैक्ट्री में माल ढुलाई के कार्य में लगा हुआ था. वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में परिजन व गांव वाले घटनास्थल पर पहुंचे व सड़क को जाम कर दिया. इधर घटना के बाद एसडीपीओ राजेश कुमार, चकाई थानाध्यक्ष राकेश कुमार, चंद्रमंडीह थानाध्यक्ष गजेंद्र कुमार, बिचकोड़वा थानाध्यक्ष राहुल कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंची व लोगों को समझा बुझाकर मामले को शांत कराने का प्रयास किया. इस दौरान परिजन सहित ग्रामीण उचित मुआवजा सहित विद्यालय अवधि में इस मार्ग से होकर बड़ी वाहनों के चलने पर रोक लगाने की मांग कर रहे थे. करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद एसडीपीओ लोगों को समझाने में सफल हो पाए. जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु जमुई भेज दिया. साथ ही पुलिस हाइवा को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गयी है. वहीं घटना के बाद मां सुगिया देवी, पिता पेरू पासवान सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रो रोकर बुरा हाल है. इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद समाजसेवी चंदन सिंह घटनास्थल पर पहुंचे तथा मुआवजे सहित अन्य मुद्दों पर एसडीपीओ से बात की. इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




