ePaper

नक्सली नेता चिराग दा गिरोह का सक्रिय सदस्य नक्सली बुधन सोरेन गिरफ्तार

Updated at : 04 Sep 2025 10:03 PM (IST)
विज्ञापन
नक्सली नेता चिराग दा गिरोह का सक्रिय सदस्य नक्सली बुधन सोरेन गिरफ्तार

वर्षों से फरार चल रहा नक्सली बुधन सोरेन, आखिरकार पुलिस व एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया गया.

विज्ञापन

झाझा. वर्षों से फरार चल रहा नक्सली बुधन सोरेन, आखिरकार पुलिस व एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया गया. चरकापत्थर थाना क्षेत्र के तेतरिया गांव निवासी बुधन सोरेन, नक्सली संगठन में चिराग दा का दाहिना हाथ माना जाता था. वह करमा पर्व पर गुपचुप तरीके से घर आया था, जिसकी भनक पुलिस को लग गयी. एसडीपीओ राजेश कुमार ने प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम (एसआइटी) का गठन किया गया. इस टीम में चरकापत्थर थानाध्यक्ष विशाल कुमार सिंह, एसएसबी के अधिकारी व जवान शामिल थे. बुधवार की देर रात टीम ने छापेमारी कर बुधन सोरेन को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार नक्सली वर्ष 2016 से फरार चल रहा था. उसके खिलाफ चरकापत्थर थाना कांड संख्या 108/16 दर्ज है. आरोप है कि 30 जुलाई 2016 को बुधन सोरेन ने 20-25 हथियारबंद नक्सलियों के साथ मिलकर चरैया से नेनीपत्थर तक सड़क निर्माण में लगी जेसीबी, ट्रैक्टर व अन्य भारी मशीनों पर पेट्रोल छिड़क कर आग के हवाले कर दिया था. इस घटना के बाद से ही वह पुलिस की नजरों से फरार था.पुलिस के मुताबिक, बुधन सोरेन का क्षेत्र में ठेकेदारों से लेवी वसूली और लाइनर के रूप में सक्रिय भूमिका रही है. छापेमारी के दौरान उसके पास से कोई हथियार या आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई, लेकिन उसकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता मानी जा रही है. गिरफ्तारी के बाद बुधन सोरेन से गहन पूछताछ की जा रही है. पुलिस का मानना है कि इससे नक्सली नेटवर्क को तोड़ने में मदद मिलेगी. गिरफ्तार नक्सली को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच न्यायिक हिरासत में जमुई भेज दिया गया. छापेमारी में शामिल रहे: झाझा एसडीपीओ राजेश कुमार, चरकापत्थर थानाध्यक्ष विशाल कुमार सिंह, एसएसबी कंपनी कमांडर राजीव कुमार नयन सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल और एसएसबी के जवान शामिल थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
PANKAJ KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन