घर में सोये व्यक्ति की हत्या, सिर पर गंभीर चोट के निशान

Updated at : 16 Mar 2026 8:33 PM (IST)
विज्ञापन
घर में सोये व्यक्ति की हत्या, सिर पर गंभीर चोट के निशान

टाउन थाना क्षेत्र के लगमा मुहल्ला में बीते रविवार की रात एक व्यक्ति की हत्या करने से इलाके में सनसनी फैल गयी.

विज्ञापन

जमुई. टाउन थाना क्षेत्र के लगमा मुहल्ला में बीते रविवार की रात एक व्यक्ति की हत्या करने से इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतक की पहचान लगमा मुहल्ला निवासी गणेश रावत (55 वर्ष), पिता स्व छेदी रावत के रूप में हुई है. सोमवार सुबह घर में सो रहे गणेश रावत की हत्या होने सूचना मिलने के बाद गांव में दहशत का माहौल है. सूचना मिलते ही एसडीपीओ सतीश सुमन, टाउन थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. परिजनों के अनुसार, गणेश रावत अन्य दिनों की तरह बीते रविवार की रात खाना खाने के बाद अपने पुराने घर से कुछ दूरी पर स्थित नये घर में सोने चले गये थे. सोमवार सुबह जब उनकी पत्नी सीता देवी वहां पहुंचीं तो दरवाजा बाहर से बंद पाया. दरवाजा खोलकर अंदर जाने पर उन्होंने देखा कि गणेश रावत बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़े हैं. यह दृश्य देखते ही वह चीखने लगीं, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गये. ग्रामीणों के अनुसार घटना रात करीब 12 से 1 बजे के बीच की बतायी जा रही है. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ की. प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाये गये हैं. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हत्या गोली मारकर की गयी है या किसी धारदार अथवा भारी हथियार से हमला कर की गयी है.

दो साल पहले नप चुनाव में कुछ लोगों के साथ हुआ था विवाद

मृतक की पत्नी ने बताया कि करीब दो वर्ष पूर्व नगर परिषद चुनाव के दौरान टोला के ही कुछ लोगों के साथ विवाद हुआ था. इसमें गोली चलने की घटना भी हुई थी. इस मामले में केस भी दर्ज कराया गया. हाल के दिनों में दूसरे पक्ष के लोग केस उठाने को लेकर दबाव दे रहे थे. परिजनों ने इसी पुरानी रंजिश में हत्या करने की आशंका जतायी है. घटना के बाद लगमा गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुटे रहे. वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

लगमा मुहल्ला निवासी गणेश रावत नामक व्यक्ति हत्या हुई है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. एफएसएल की टीम के द्वारा साक्ष्य लिया गया है. मृतक के परिजन के द्वारा अबतक को आवेदन नहीं दिया गया है. पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है.

सतीश सुमन, सदर एसडीपीओ

विज्ञापन
PANKAJ KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन