जमुई में जर्जर बिजली तारों पर इंडियन इंक्लूसिव पार्टी का सवाल, कार्रवाई की मांग
Published by : Shruti Kumari Updated At : 05 Jun 2026 1:52 PM
जनसुरक्षा के मुद्दे पर विद्युत विभाग को ज्ञापन सौंपते पार्टी कार्यकर्ता
Jamui news: पार्टी के जिलाध्यक्ष शंभू कुमार ने कहा कि बरसात और आंधी-तूफान के मौसम में जर्जर बिजली तार आम लोगों के लिए बड़ा खतरा बन जाते हैं. उन्होंने विभाग से ऐसे सभी स्थानों की पहचान कर शीघ्र मरम्मत एवं सुधार कार्य कराने की मांग की.
नीचे लटके तारों से जनसुरक्षा को खतरा, विद्युत विभाग ने जांच कर कार्रवाई का दिया भरोसा
जमुई से अर्जुन अरनव की रिपोर्ट:
Jamui news: शहर में जर्जर, नीचे लटके और अव्यवस्थित बिजली तारों से आम लोगों की सुरक्षा पर मंडरा रहे खतरे को लेकर इंडियन इंक्लूसिव पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को विद्युत विभाग के अधिकारियों से मिला. पार्टी नेताओं ने इस समस्या को गंभीर जनसुरक्षा का मुद्दा बताते हुए तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की मांग की.
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सहरसा विधायक ई. आईपी. गुप्ता ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में पुराने और क्षतिग्रस्त बिजली तार किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं. उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को पहले ही बिहार विधानसभा में उठाकर सरकार और विद्युत विभाग का ध्यान आकृष्ट कराया जा चुका है. उनका कहना था कि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बिजली व्यवस्था को सुरक्षित और आधुनिक बनाना जरूरी है.
प्रतिनिधिमंडल से बातचीत के दौरान कार्यपालक विद्युत अभियंता संजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि जिले के अधिकांश क्षेत्रों में अब कवर्ड केबल प्रणाली के माध्यम से बिजली आपूर्ति की जा रही है. उन्होंने आश्वस्त किया कि यदि कहीं खुले या नीचे लटके बिजली तारों की शिकायत मिलती है तो विभागीय टीम तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करेगी.
पार्टी के जिलाध्यक्ष शंभू कुमार ने कहा कि बरसात और आंधी-तूफान के मौसम में जर्जर बिजली तार आम लोगों के लिए बड़ा खतरा बन जाते हैं. उन्होंने विभाग से ऐसे सभी स्थानों की पहचान कर शीघ्र मरम्मत एवं सुधार कार्य कराने की मांग की.
उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे अपने आसपास मौजूद खतरनाक और जर्जर बिजली तारों की सूचना विभाग तथा पार्टी को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके.
मौके पर प्रदेश महासचिव विशेश्वर तांती, व्यावसायिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष दामोदर प्रसाद वर्णवाल सहित पार्टी के कई पदाधिकारी उपस्थित थे.
प्रतिनिधिमंडल ने विद्युत विभाग के सकारात्मक आश्वासन का स्वागत करते हुए जनहित से जुड़े मुद्दों पर लगातार आवाज उठाने का संकल्प दोहराया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










