बिहार में चोरी-छिपे बन रहा था मौत बांटने वाला सामान, जमुई में एक और मिनी गन फैक्ट्री का हुआ खुलासा
Published by : ThakurShaktilochan Sandilya Updated At : 08 Aug 2025 8:38 PM
बरामद हथियार
Bihar News: बिहार के जमुई में एक और मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा हुआ है. बुधवार को दो जगहों पर हथियार बना रहे कारीगर पकड़ाए थे. उनकी निशानदेही पर शुक्रवार को भी छापेमारी हुई.
Bihar News: जमुई जिले के मलयपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार बनाने के अड्डे का खुलासा किया है. एक अस्पताल के पास स्थित रंजीत कुमार सिंह के बेटे अमित कुमार उर्फ फनु सिंह सिंह के घर में पुलिस ने छापेमारी की और अर्धनिर्मित पिस्तौल समेत हथियार बनाने वाली मशीन को बरामद किया है. यह छापेमारी बुधवार को मिनी गन फैक्ट्री को लेकर अलग-अलग जगहों पर की गयी कार्रवाई से जुड़ी हुई है.
मलयपुर में भी मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा
मलयपुर थाना क्षेत्र में हुई कार्रवाई में पुलिस ने दो अर्धनिर्मित पिस्तौल, एक कारबाइन का बैरल व हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई सामान बरामद किये हैं. मलयपुर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर विकास कुमार के नेतृत्व में करीब दो घंटे तक यह छापेमारी चली.

गरही और कल्याणपुर में हाल में हुआ था खुलासा
यह कार्रवाई बुधवार को खैरा थाना क्षेत्र के गरही और सदर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर मोहल्ले में मिनी गन फैक्ट्री को लेकर हुई छापेमारी से जुड़ी हुई है. उन जगहों से भी अर्धनिर्मित हथियार व उपकरण बरामद हुए थे और कुछ आरोपित गिरफ्तार किये गये थे.

पकड़ाए आरोपियों की निशानदेही पर मलयपुर में छापेमारी
गरही और कल्याणपुर में गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने मलयपुर में भी छापेमारी की. पुलिस इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है. जिले के खैरा प्रखंड में हरखार पंचायत के मुखिया मुन्ना साह के घर से पुलिस ने अवैध मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा पिछले दिनों किया था. कार्रवाई के दौरान पांच लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था, जिनमें मुखिया मुन्ना साह का भतीजा धर्मवीर साह भी शामिल है.

पश्चिम बंगाल से जुड़ा कनेक्शन
पिछले दिनों हुई कार्रवाई में जो कारीगर गिरफ्तार हुए थे उनमें पश्चिम बंगाल के बैरकपुर निवासी मुहम्मद गाजी और बिसमिल्ला अली, तथा मुंगेर के बर्घा गांव निवासी मो खुर्शीद आलम और मो जहीर आलम का नाम भी शामिल है. उसी की निशानदेही पर यह छापेमारी हुई है. बताया जा रहा है कि मलयपुर के जिस घर में पुलिस ने छापेमारी की है वह मुखिया मुन्ना साह का सहयोगी रहा है. पुलिस का कहना है कि जिले में फैले इस हथियार निर्माण नेटवर्क को खत्म करने के लिए लगातार अभियान चलाया जायेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By ThakurShaktilochan Sandilya
डिजिटल मीडिया का पत्रकार. प्रभात खबर डिजिटल की टीम में बिहार से जुड़ी खबरों पर काम करता हूं. प्रभात खबर में सफर की शुरुआत 2020 में हुई. कंटेंट राइटिंग और रिपोर्टिंग दोनों क्षेत्र में अपनी सेवा देता हूं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










