जमुई के सड़क किनारे बैठा दिखा तेंदुआ, वनकर्मियों को देखते ही जंगल में हुआ गायब
Published by : Pratyush Prashant Updated At : 21 May 2026 3:57 PM
Jamui Leopard Alert
Jamui Leopard Alert: जमुई के बरहट-मलयपुर वन क्षेत्र में देर रात सड़क किनारे आराम करते तेंदुए को देखकर वनकर्मियों में हड़कंप मच गया. तेंदुए की मौजूदगी के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है.
Jamui Leopard Alert: बरहट से शशिलाल की रिपोर्ट. जमुई जिले के बरहट-मलयपुर वन क्षेत्र में तेंदुए की दस्तक ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है. मंगलवार देर रात वन विभाग की पेट्रोलिंग टीम को जंगल की ओर जाने वाली सड़क पर एक तेंदुआ बैठा दिखाई दिया. अचानक सामने तेंदुआ नजर आते ही वनकर्मियों के बीच अफरा-तफरी मच गयी. हालांकि गाड़ी और लोगों की हलचल देखते ही तेंदुआ तेजी से जंगल की ओर भाग निकला. घटना के बाद वन विभाग ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
रात की गश्ती में दिखा तेंदुआ
वन विभाग के अनुसार मलयपुर वन क्षेत्र अंतर्गत कुकुझपडेम की ओर नियमित रात्रि गश्ती के दौरान यह घटना सामने आयी. सुनसान सड़क पर तेंदुआ आराम करता दिखाई दिया. कुछ देर के लिए वनकर्मी भी सकते में आ गये.
वनकर्मियों ने तुरंत सतर्कता बरतते हुए आसपास के इलाके की निगरानी शुरू कर दी. हालांकि तेंदुआ कुछ ही क्षणों में अंधेरे जंगल में गायब हो गया.
ग्रामीणों में बढ़ा डर का माहौल
घटना की जानकारी फैलते ही आसपास के गांवों में भय का माहौल बन गया. ग्रामीणों का कहना है कि जंगल के पास जंगली जानवर पहले भी देखे जाते रहे हैं, लेकिन सड़क पर तेंदुए का दिखना चिंता बढ़ाने वाला है.
कई लोगों ने बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जतायी है. ग्रामीणों का कहना है कि शाम के बाद अब लोग जंगल की ओर जाने से बच रहे हैं.
वन विभाग ने जारी की चेतावनी
मलयपुर-बरहट वन क्षेत्र के रेंजर सुशांत कुमार सिंह ने बताया कि यह इलाका वन्य जीवों का प्राकृतिक आवास है. यहां अक्सर जंगली जानवरों की गतिविधियां देखी जाती हैं.
उन्होंने कहा कि भीम बांध क्षेत्र के आसपास घने जंगल होने के कारण तेंदुए और अन्य वन्य जीवों की मौजूदगी सामान्य बात है. फिलहाल वन विभाग पूरे इलाके में अतिरिक्त निगरानी बढ़ाने की तैयारी कर रहा है.
लोगों से सतर्क रहने की अपील
वन विभाग ने ग्रामीणों और पर्यटकों से शाम ढलने के बाद जंगल या सुनसान रास्तों पर अकेले नहीं जाने की अपील की है. साथ ही बच्चों और मवेशियों पर विशेष नजर रखने को कहा गया है.
वन अधिकारियों का कहना है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत विभाग को दें ताकि समय रहते सुरक्षा कदम उठाए जा सकें.
Also Read: शिक्षक अभ्यर्थियों के प्रदर्शन को लेकर सरकार पर भड़के तेजस्वी यादव, कहा- बर्दाश्त नहीं किया जाएगा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










