शैक्षणिक गुणवत्ता से ही होगा सर्वांगीण विकास : डीईओ

उत्क्रमित मध्य विद्यालय बरमसिया में बुधवार को विदाई समारोह सह प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
झाझा. उत्क्रमित मध्य विद्यालय बरमसिया में बुधवार को विदाई समारोह सह प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में उपस्थित जिला शिक्षा पदाधिकारी दयाशंकर ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शैक्षणिक गुणवत्ता बेहद जरूरी है. इसे धरातल पर उतारने की जिम्मेदारी शिक्षकों की है. उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ शिक्षा व्यवस्था में सुधार और नवाचार आवश्यक है. इसी उद्देश्य से सरकार द्वारा अप्रैल माह से प्रवेशोत्सव जैसे कार्यक्रमों की शुरुआत की गई है, ताकि अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित किया जा सके और ड्रॉपआउट की समस्या को कम किया जा सके. डीईओ ने विद्यालय से उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को विद्यालय परित्याग प्रमाण पत्र वितरित करते हुए उन्हें आगे की पढ़ाई के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि यह प्रमाण पत्र सिर्फ एक औपचारिकता नहीं, बल्कि बेहतर भविष्य की ओर एक कदम है. छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा प्राप्त कर अपने परिवार, समाज और राज्य का नाम रोशन करें, यही उद्देश्य है. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी महेंद्र प्रताप सिंह ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया. उन्होंने कहा कि नियमित अध्ययन और अनुशासन से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है. गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए निरंतर अभ्यास और लगन जरूरी है. मौके पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिका व छात्र-छात्राएं उपस्थित थी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




