पटेल प्रतिमा अनावरण की तैयारी तेज, 16 अगस्त को सीएम के संभावित कार्यक्रम को लेकर डीएम ने स्थल का लिया जायजा
कार्यक्रम स्थल का मुआयना करते डीएम. | Prabhat Khabar Network
16 अगस्त को सरदार वल्लभभाई पटेल की आदमकद प्रतिमा का अनावरण होगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के संभावित आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां ज़ोरों पर हैं। डीएम ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।
आगामी 16 अगस्त को बस स्टैंड-खल्लासी मुहल्ला मुख्य सड़क के बोड़बा बस स्टैंड के पास सरदार वल्लभभाई पटेल की आदमकद प्रतिमा के अनावरण को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के संभावित कार्यक्रम को देखते हुए जिलाधिकारी नवीन ने मंगलवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री के उतरने के लिए प्रस्तावित हेलीपैड की जगह और कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया.
हेलीपैड और कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नेताओं से विस्तृत चर्चा की. जिला परिषद प्रतिनिधि राकेश कुमार सिंह, पूर्व नगर अध्यक्ष मुन्ना सिन्हा, जदयू नगर अध्यक्ष बबलू सिन्हा, वरिष्ठ भाजपा नेता नरेश यादव, विजय अग्रहरि और प्रशांत सुल्तानियां से कार्यक्रम की रूपरेखा को लेकर जानकारी ली गई.
डीएम ने प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम के साथ-साथ मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को देखते हुए सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की.
ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी मंथन
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए बस स्टैंड और आसपास के इलाके में यातायात व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों के साथ चर्चा की गई. कार्यक्रम के दौरान लोगों और वाहनों की आवाजाही प्रभावित नहीं हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया.
पटेल चौक के नाम से जाना जाएगा बस स्टैंड
जिला परिषद प्रतिनिधि राकेश कुमार सिंह ने बताया कि 16 अगस्त को सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा का अनावरण प्रस्तावित है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कार्यक्रम को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और प्रत्येक दिन बैठक कर इसकी मॉनिटरिंग की जा रही है.
उन्होंने बताया कि स्थानीय विधायक व परिवहन मंत्री दामोदर रावत समेत कई अन्य मंत्रियों और वरीय अधिकारियों के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है. उन्होंने कहा कि प्रतिमा अनावरण के साथ बस स्टैंड का नाम पटेल चौक किए जाने की घोषणा मुख्यमंत्री या परिवहन मंत्री द्वारा की जा सकती है.
निरीक्षण के दौरान बीडीओ सुनील कुमार चांद, सीओ निशा सिंह, प्रखंड मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी सुशील प्रसाद, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी मोनिका कुमारी सहित कई राजग कार्यकर्ता मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By ऋतांबर सिंह
ऋतांबर सिंह प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. झाझा (जमुई) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










