जमुई के पुरानी बाजार में युवाओं का विवाद बना हिंसक, आधे घंटे तक रणक्षेत्र बना गांधी चौक, कई घायल

Updated:
विज्ञापन

परिजनों से बात करते एसपी | Prabhat Khabar Network

शहर के पुरानी बाजार क्षेत्र में युवाओं के बीच हुआ विवाद हिंसक हो गया, जिससे गांधी चौक रणक्षेत्र बन गया. इस मारपीट में कई लोग घायल हुए हैं और गंभीर रूप से घायलों को इलाज के लिए रेफर किया गया है. घटना के बाद पुलिस की मौजूदगी में स्थिति नियंत्रण में है.

विज्ञापन

शहर के पुरानी बाजार क्षेत्र में युवाओं के बीच शुरू हुआ विवाद देखते-ही-देखते हिंसक रूप ले लिया. सोहजाना और पुरानी बाजार के लोगों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिससे करीब आधे घंटे तक गांधी चौक और आसपास का इलाका अफरा-तफरी का केंद्र बना रहा. इस दौरान कुछ लोगों द्वारा हथियार लहराए जाने की भी चर्चा रही, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

बाइक से पहुंचे दर्जनों युवक, सड़क पर शुरू हुई मारपीट

जानकारी के अनुसार, मंगलवार की शाम सोहजाना और पुरानी बाजार क्षेत्र के कुछ युवाओं के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इसके बाद सोहजाना से कई बाइक पर सवार होकर दर्जनों युवक पुरानी बाजार पहुंच गए और मारपीट शुरू कर दी. देखते-ही-देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और सड़क पर ही जमकर मारपीट होने लगी.

घटना के कारण गांधी चौक करीब आधे घंटे तक रणक्षेत्र में तब्दील रहा. अचानक हुई मारपीट से बाजार में मौजूद दुकानदारों और राहगीरों के बीच भी अफरा-तफरी मच गयी.

कई लोग घायल, गंभीर घायलों को पीएमसीएच भेजा

मारपीट की घटना में पुरानी बाजार निवासी अजय झा समेत कई लोगों के घायल होने की सूचना है. घायलों का स्थानीय अस्पताल में उपचार कराया गया. वहीं गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर किया गया है.

घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है. हालांकि पुलिस की सक्रियता के बाद फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बतायी जा रही है.

भीड़ में फंसे एसपी, वाहन से उतरकर संभाला मोर्चा

घटना के दौरान पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल भी भीड़ में फंस गए. एसपी झाझा थाना के वार्षिक निरीक्षण के बाद लौट रहे थे. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने अपने वाहन से उतरकर मौके पर स्थिति संभाली.

इस दौरान घायल के परिजनों ने एसपी से न्याय की गुहार लगायी. एसपी ने लोगों की शिकायतें गंभीरता से सुनीं और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया. उन्होंने अपना मोबाइल नंबर भी लोगों को उपलब्ध कराया और घटना से संबंधित शिकायत एवं जानकारी देने को कहा.

पुलिस की सक्रियता से स्थिति नियंत्रण में

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है. पुलिस पूरे मामले पर नजर रख रही है. मारपीट की वजह और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है. वहीं हथियार लहराए जाने की चर्चा की भी पुलिस स्तर पर पुष्टि की जानी बाकी है.

स्थानीय लोगों में घटना को लेकर चिंता है. लोगों का कहना है कि बाजार जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में इस तरह खुलेआम मारपीट होने से आम लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े होते हैं.


विज्ञापन
ऋतांबर सिंह

लेखक के बारे में

By ऋतांबर सिंह

ऋतांबर सिंह प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. झाझा (जमुई) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन