झाझा श्रीकृष्ण गौशाला के विकास को मिलेगी रफ्तार, प्रतिनिधिमंडल ने डीएम से की मुलाकात

जिलाधिकारी से मिलते प्रतिनिधि मंडल | Prabhat Khabar Network
जमुई जिले के झाझा स्थित श्रीकृष्ण गौशाला के विकास को गति मिलने की उम्मीद है. गौशाला प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी दी. 14.13 लाख रुपये के प्राक्कलन को तकनीकी स्वीकृति मिलने से आधारभूत संरचनाओं का निर्माण शीघ्र शुरू होगा.
Jamui Gaushala: जमुई जिले के झाझा स्थित श्रीकृष्ण गौशाला के विकास कार्य को गति देने के उद्देश्य से गुरुवार को गौशाला प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी नवीन कुमार से शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने बिहार सरकार के पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग से प्राप्त अनुदान राशि के तहत प्रस्तावित आधारभूत संरचना निर्माण कार्यों की प्रगति से जिलाधिकारी को अवगत कराया.
गौशाला की वर्तमान स्थिति से कराया अवगत
श्रीकृष्ण गौशाला के उपाध्यक्ष सूरज बरनवाल, सचिव दयाशंकर बरनवाल एवं अन्य सदस्यों ने जिलाधिकारी को गौशाला में उपलब्ध संसाधनों तथा आवश्यक सुविधाओं की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि गौशाला विकास योजना के अंतर्गत शेड, स्टोर रूम, कार्यालय और अन्य आधारभूत संरचनाओं के निर्माण की प्रक्रिया पहले ही शुरू की जा चुकी है.
14.13 लाख रुपये के प्राक्कलन को मिला तकनीकी अनुमोदन
Jamui Gaushala: प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि अनुमंडल कार्यालय के माध्यम से संयुक्त निरीक्षण के बाद भवन निर्माण विभाग से निर्माण कार्य का प्राक्कलन तैयार कराया गया था. इसके बाद भवन निर्माण विभाग, भवन अंचल मुंगेर के अधीक्षण अभियंता ने 14 लाख 13 हजार 739 रुपये के प्राक्कलन को तकनीकी स्वीकृति प्रदान की. तकनीकी अनुमोदन के बाद प्रस्ताव को जिला पदाधिकारी के माध्यम से सरकार को अग्रेतर कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है.
डीएम ने दिया शीघ्र कार्रवाई का भरोसा
जिलाधिकारी नवीन कुमार ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि गौशाला में आधारभूत संरचना निर्माण की दिशा में शीघ्र सकारात्मक पहल की जाएगी. उन्होंने कहा कि आवश्यक प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाकर शेड, कार्यालय, स्टोर रूम सहित अन्य सुविधाओं के निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया जाएगा.
गौवंश संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा
प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि आधारभूत सुविधाओं के निर्माण से गौशाला में रह रहे गौवंशों के संरक्षण, संवर्धन और देखभाल की व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी. इससे गौशाला के संचालन में भी सुविधा मिलेगी और भविष्य में इसे और बेहतर ढंग से विकसित किया जा सकेगा.इस अवसर पर गौशाला के अनिल बरनवाल और अनूप केसरी भी उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By ऋतांबर सिंह
ऋतांबर सिंह प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. झाझा (जमुई) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










