गिद्धौर थाना पहुंचे एसपी विश्वजीत दयाल, अधिकारियों को लंबित कांडों का त्वरित निष्पादन करने के दिए निर्देश

थाने का निरीक्षण करते एसपी.
SP Inspection Gidhaur Police Station : गिद्धौर थाना में जिला पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने बुधवार संध्या औचक निरीक्षण किया. उन्होंने लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, वाहन जांच बढ़ाने और फरियादियों से संवेदनशील व्यवहार पर जोर दिया.
SP Inspection Gidhaur Police Station : गिद्धौर थाना में बुधवार की संध्या जिला पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने थाना की कार्यप्रणाली, लंबित कांडों की स्थिति, अपराध नियंत्रण की व्यवस्था तथा पुलिसिंग के विभिन्न पहलुओं की विस्तार से समीक्षा की. निरीक्षण के दौरान थानाध्यक्ष राशि मलिक समेत सभी पुलिस पदाधिकारियों को लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने और बेहतर पुलिस व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया.
वाहन जांच और गश्ती बढ़ाने के निर्देश
एसपी ने थाना क्षेत्र के मुख्य राजमार्गों पर नियमित वाहन जांच अभियान चलाने, रात्रि गश्ती को और प्रभावी बनाने तथा आपराधिक गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस को पूरी गंभीरता, सतर्कता और सक्रियता के साथ कार्य करना होगा.
फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार पर दिया जोर
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना आने वाले फरियादियों के साथ संवेदनशील, सम्मानजनक और सहयोगात्मक व्यवहार करने की आवश्यकता पर बल दिया. उन्होंने कहा कि पुलिस और आमजन के बीच विश्वास तथा बेहतर संवाद कायम रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है.
जब्त वाहनों की रिपोर्ट जल्द देने का निर्देश
एसपी ने विभिन्न मामलों के अनुसंधान की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक संसाधनों की जानकारी ली. उन्होंने सभी लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के साथ थाना परिसर में जब्त वाहनों की सूची तैयार कर शीघ्र रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
लॉर्ड मिंटो टावर और ऑटो स्टैंड चौक के जाम पर जताई चिंता
यातायात व्यवस्था की समीक्षा के दौरान एसपी ने गिद्धौर मुख्य मार्ग स्थित लॉर्ड मिंटो टावर तथा झाझा ऑटो स्टैंड चौक के समीप लगने वाले जाम पर चिंता व्यक्त की. उन्होंने सड़क किनारे अवैध रूप से वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
सामाजिक समरसता और कानून व्यवस्था पर जोर
एसपी विश्वजीत दयाल ने कहा कि सामाजिक समरसता बनाए रखने और अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिला पुलिस पूरी तरह सतर्क है. इस दिशा में सभी पुलिस पदाधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी का ईमानदारी और सक्रियता से निर्वहन करना होगा.
निरीक्षण के दौरान अवर निरीक्षक रंजीत राय, ममता प्रकाश, जय प्रकाश सिंह, मनीष कुमार, निशि कुमारी, शोभा कुमारी, थाना के पुलिसकर्मी तथा संबंधित क्षेत्र के चौकीदार मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By पंकज कुमार सिंह
पंकज कुमार सिंह प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत वर्ष 2005 में की. अभी प्रभात खबर के जमुई कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










