संयुक्त झंडोत्तोलन के निर्णय पर विवाद, विरोध के बाद बीडीओ ने दिया पुनर्विचार का भरोसा

चकाई प्रखंड में इस वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह के स्वरूप को लेकर असमंजस की स्थिति बन गयी है. प्रशासन द्वारा प्रखंड परिसर स्थित सभी कार्यालयों का अलग-अलग झंडोत्तोलन करने के बजाय, संयुक्त रूप से प्रखंड कार्यालय के मुख्य चबूतरे पर ही आयोजित करने के निर्णय का स्थानीय बुद्धिजीवियों ने कड़ा विरोध किया है.
चंद्रमंडीह. चकाई प्रखंड में इस वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह के स्वरूप को लेकर असमंजस की स्थिति बन गयी है. प्रशासन द्वारा प्रखंड परिसर स्थित सभी कार्यालयों का अलग-अलग झंडोत्तोलन करने के बजाय, संयुक्त रूप से प्रखंड कार्यालय के मुख्य चबूतरे पर ही आयोजित करने के निर्णय का स्थानीय बुद्धिजीवियों ने कड़ा विरोध किया है. दरअसल बीते शुक्रवार को प्रखंड प्रशासन द्वारा यह निर्णय लिया गया था कि समय की बचत और एकजुटता के लिए प्रखंड परिसर के सभी कार्यालयों का संयुक्त झंडोत्तोलन सुबह 08:45 बजे किया जायेगा. परंतु शनिवार को चकाई थाना में सरस्वती पूजा को लेकर आयोजित शांति समिति की बैठक में यह मामला लोगों ने उठाया. बैठक में मौजूद कन्हैयालाल गुप्ता, नकुल यादव, संतु यादव, शालिग्राम पांडेय और कृष्णा कुमार गुप्ता ने बीडीओ के समक्ष नई व्यवस्था पर आपत्ति जतायी. कन्हैयालाल गुप्ता ने कहा कि परंपरा के अनुसार हर कार्यालय में अलग-अलग झंडोत्तोलन ही उचित है. इससे उत्सव की रौनक और भव्यता बढ़ती है. प्रशासन को जनभावनाओं का सम्मान करते हुए पूर्ववत व्यवस्था ही लागू रखनी चाहिए. नकुल यादव ने तर्क दिया कि यह परंपरा हमारे विचार से उचित नहीं है. झंडोत्तोलन हर कार्यालय की अपनी पहचान है. अतः यह पूर्ववत अलग-अलग ही होना चाहिए. वहीं भाजपा नेता शालिग्राम पांडेय ने कहा कि बीडीओ साहब द्वारा लोगों की बात सुनकर पुनर्विचार का भरोसा देना एक अच्छी पहल है. राष्ट्रीय पर्व पर किसी तरह का विवाद नहीं होना चाहिए. आपसी सहमति से निर्णय लेना बेहतर है. बीडीओ मनीष कुमार आनंद ने मौके पर ही आश्वासन दिया कि प्रशासन इस निर्णय पर अड़ियल रवैया नहीं अपनाएगा. उन्होंने कहा कि जल्द ही एक और बैठक कर इस निर्णय पर पुनर्विचार किया जायेगा ताकि राष्ट्रीय पर्व की गरिमा और परंपरा दोनों बनी रहे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




