स्कूली छात्राओं ने संभाली सड़क सुरक्षा की कमान, गुलाब देकर किया जागरूक

Updated:
विज्ञापन
स्कूली छात्राओं ने संभाली सड़क सुरक्षा की कमान, गुलाब देकर किया जागरूक

Chakai Traffic Awareness Campaign: जमुई के चकाई स्थित पंचमुखी चौक पर पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए बैरिकेडिंग की. ट्रैफिक जागरूकता अभियान के दौरान स्कूली छात्राओं ने वाहन चालकों को गुलाब देकर हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया.

विज्ञापन

चकाई (जमुई) से जयकुमार शुक्ला की रिपोर्ट.

Chakai Traffic Awareness Campaign: सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सोमवार को चकाई के व्यस्त पंचमुखी चौक पर पुलिस प्रशासन ने बैरिकेडिंग कर वाहनों की गति नियंत्रित करने की व्यवस्था की. लंबे समय से स्थानीय लोगों द्वारा की जा रही मांग के बाद चौक पर यह पहल की गई. इसके साथ ही चकाई पुलिस और प्राइवेट चिल्ड्रेन स्कूल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में विशेष ट्रैफिक जागरूकता अभियान भी चलाया गया.

पंचमुखी चौक पर लगाई गई बैरिकेडिंग

चकाई थाना क्षेत्र का पंचमुखी चौक अत्यधिक व्यस्त चौराहा माना जाता है, जहां अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती रही हैं. दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस ने चौक पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की गति नियंत्रित करने की व्यवस्था की.

स्कूली छात्राओं ने गुलाब देकर किया जागरूक

अभियान का नेतृत्व थानाध्यक्ष सर्वजीत कुमार ने किया. इस दौरान विभिन्न निजी विद्यालयों की छात्राओं और छात्रों ने ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को गुलाब का फूल और माला देकर गांधीवादी तरीके से जागरूक किया. बच्चों ने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और वाहन के आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की अपील की.

सड़क सुरक्षा के संदेश वाले ट्रॉली लगाए गए

प्राइवेट चिल्ड्रेन स्कूल एसोसिएशन की ओर से सड़क सुरक्षा संबंधी स्लोगन लिखे आठ ट्रॉली उपलब्ध कराए गए. इन्हें पंचमुखी चौक से हाना कॉलोनी जाने वाले मार्ग पर लगाया गया, ताकि वाहन चालकों की गति नियंत्रित हो सके और लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़े.

लोगों ने पुलिस की पहल का किया स्वागत

स्थानीय लोगों ने बताया कि पंचमुखी चौक पर दिन-रात भारी और छोटे वाहनों की आवाजाही रहती है. आसपास स्कूल और बाजार होने के कारण यहां हमेशा भीड़ रहती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है. बैरिकेडिंग और जागरूकता अभियान से सड़क सुरक्षा को मजबूती मिलेगी.

सड़क सुरक्षा को लेकर अभियान रहेगा जारी

थानाध्यक्ष सर्वजीत कुमार ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और लोगों की जान बचाना है. उन्होंने कहा कि ट्रैफिक जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.

अभियान में अवर निरीक्षक शिवनंदन कुमार, प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के समीर कुमार दुबे, नीरज कुमार, राकेश सिन्हा, अनिल स्वर्णकार, अरुण सिंह, हिमांशु कुमार, डॉ. अमर सिन्हा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.

जमुई की और खबरें पढ़ने के लिये क्लिक करें

विज्ञापन
Shruti Kumari

लेखक के बारे में

By Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन